1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. NAM vs NED T20 World Cup: नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से चटाई धूल, बास डे लीडे ने खेली शानदार पारी

NAM vs NED T20 World Cup: नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से चटाई धूल, बास डे लीडे ने खेली शानदार पारी

NAM vs NED T20 World Cup: T20 वर्ल्ड कप का 10वां मुकाबला दिल्ली में खेला गया, जिसमें नीदरलैंड ने नामीबिया को 7 विकेट से हरा दिया। नीदरलैंड को जीत के लिए 157 रनों का टारगेट मिला था, जो उसने 18 ओवर में ही हासिल कर लिया।

नीदरलैंड बनाम...- India TV Hindi
Image Source : PTI नीदरलैंड बनाम नामीबिया

NAM vs NED T20 World Cup: T20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मैच में ग्रुप-ए की टीम नामीबिया और नीदरलैंड का आमना-सामना हुआ। दिल्ली में खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नीदरलैंड की टीम ने नामीबिया की टीम को 156/8 रन के स्कोर पर रोक दिया। जवाब में नीदरलैंड ने 18 ओवर में 3 विकेट खोकर 157 रनों का टारगेट हासिल कर लिया। बास डी लीडे ने 48 गेंदों पर नाबाद 72 रनों की पारी खेली। कॉलिन एकरमैन ने 32 रनों का योगदान दिया। वहीं, सलामी बल्लेबाज माइकल लेविट ने 15 गेंदों पर ताबड़तोड़ 28 रन बनाए। बास डी लीडे को उनकी शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। लीडे ने नामीबिया के 2 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।

इससे पहले नामीबिया की टीम को 156 रन के स्कोर तक पहुंचाने में लॉफ्टी-इटन ने अहम योगदान दिया। लॉफ्टी-इटन ने नामीबिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 38 गेंदों पर 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 42 रनों की पारी खेली। नीदरलैंड की ओर से गेंदबाज बास डी लीडे और वैन बीक ने 2-2 विकेट झटके।

लोरेन स्टीनकैंप और जान फ्राइलिंक नामीबिया की पारी का आगाज करने उतरे। हालांकि, तीसरे ही ओवर में लोरेन स्टीनकैंप पवेलियन लौट गए। आर्यन दत्त ने नीदरलैंड को पहली सफलता दिलाई। लोरेन ने सिर्फ 6 रन बनाए। 10वें ओवर में टीम को 60 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। 13वें ओवर में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस 18 रन पर आउट हो गए। इसके बाद लॉफ्टी-ईटन पवेलियन लौट गए। ईटन अपने अर्धशतक से 8 रन दूर रह गए। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। अंत में नामीबिया की टीम 8 विकेट खोकर 156 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

नीदरलैंड (प्लेइंग XI): माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेट कीपर), जैक लायन कैशेट, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, रूलोफ वैन डेर मेर्वे, टिम वैन डेर गुगटेन, फ्रेड क्लासेन।

नामीबिया (प्लेइंग XI): लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेट कीपर), डायलन लीचर, रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हेइंगो।

 

Latest Cricket News