A
Hindi News खेल क्रिकेट ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ सकते हैं नाथन लियोन, गाबा टेस्ट में करना होगा ये काम

ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ सकते हैं नाथन लियोन, गाबा टेस्ट में करना होगा ये काम

लियोन ने अभी तक खेले गए 134 टेस्ट मैच की 260 पारियों में 562 विकेट लिए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं।

Nathan Lyon- India TV Hindi Image Source : AP नाथन लियोन

4 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा। यह एक डे-नाईट टेस्ट मैच होगा, जो पिंक बॉल से खेला जाएगा। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लियोन एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। उनके पास ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में दूसरा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज बनने का मौका होगा। ऐसा करने के लिए उन्हें सिर्फ दो विकेट की जरूरत है।

ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ सकते हैं नाथन लियोन

नाथन लियोन ने अभी तक टेस्ट फॉर्मेट में कुल 134 मैच खेले हैं और वहां उन्होंने 260 पारियों में 562 विकेट अपने नाम किए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। अगर वह गाबा टेस्ट मैच में 2 विकेट हासिल कर लेते हैं तो इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए विकेट के मामले में ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ देंगे। मैक्ग्रा के नाम 124 मैच की 243 पारियों में 563 विकेट दर्ज हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड शेन वॉर्न के नाम है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 708 विकेट हासिल किए थे।

दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो सकता है लियोन का नाम

इसके अलावा अगर नाथन लियोन ब्रिस्बेन टेस्ट मैच में 8 विकेट चटकाने में कामयाब होते हैं तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए 600 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पांचवें गेंदबाज बन जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के लिए ये उपलब्धि अभी तक शेन वॉर्न, ग्लेन मैक्ग्रा, मिचेल स्टार्क और ब्रेट ली ही हासिल कर पाए हैं। अब इस लिस्ट में नाथन लियोन का नाम भी शामिल हो सकता है।

पर्थ टेस्ट मैच में नाथन लियोन को नहीं मिला था बॉलिंग का मौका

पर्थ में खेले गए एशेज टेस्ट सीरीज के पहले मैच में नाथन लियोन को ज्यादा गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला था। उस मैच की पहली पारी में उन्होंने सिर्फ दो ओवर गेंदबाजी की थी वहां उन्होंने 10 रन खर्च किए थे, इस दौरान उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। वहीं दूसरी पारी में उन्हें एक भी ओवर बॉलिंग करने का मौका नहीं मिला था। अब ब्रिस्बेन टेस्ट में उन्हें कितने ओवर बॉलिंग करने का मौका मिलता है ये देखने लायक बात होगी।

यह भी पढ़ें

वापसी के लिए तैयार है टीम इंडिया का ये धाकड़ खिलाड़ी, टेस्ट किया पास

पिंक बॉल टेस्ट में कैसा रहा है मिचेल स्टार्क का प्रदर्शन, आंकड़े देखकर उड़ जाएगी अंग्रेज बल्लेबाजों की नींद!

Latest Cricket News