DPL 2026 के 12वें मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने एक शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में उन्होंने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को 39 रनों से हराया। बारिश की वजह से ये मैच 10-10 ओवर का हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली की टीम ने 10 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाए। जवाब में साउथ दिल्ली की टीम 9.4 ओवर में 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस मैच में आउटर दिल्ली की जीत में यजस शर्मा और नवदीप सैनी ने अहम भूमिका निभाई।
साउथ दिल्ली के 9 बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में हुए आउट
133 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। सिर्फ 16 के स्कोर पर टीम के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। टीम की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज तेजस्वी दहिया ने 18 और एकांश डोबाल ने 35 रन बनाए। ये दोनों बल्लेबाज ही टीम के लिए डबल डिजिट स्कोर में पहुंच पाए। बाकी के 9 बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में आउट हुए। सलामी बल्लेबाज अनमोल शर्मा और लोअर ऑर्डर के बल्लेबाज विजन पांचाल और दिवांश रावत डक पर आउट हुए।
नवदीप सैनी ने इस मैच में की धारदार गेंदबाजी
आउटर दिल्ली वॉरियर्स की बॉलिंग की बात करें तो वहां नवदीप सैनी ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। सैनी ने इस मैच में प्रणव रावत, कप्तान आयुष बडोनी और तेजस्वी दहिया को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं कप्तान सिद्धांत शर्मा ने 2 ओवर में 13 रन खर्च करते हुए 2 विकेट हासिल किए। प्रथम सलूजा और अनंत सरन ने भी दो-दो विकेट चटकाए।
यजस शर्मा ने आउटर दिल्ली के लिए लगाया शानदार अर्धशतक
आउटर दिल्ली की बैटिंग की बात करें तो वहां प्रियांश आर्या 8 गेंद में 10 रन बनाकर चलते बने। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज यजस शर्मा ने 29 गेंदों में 64 रन की पारी खेली। अपनी उस पारी में उन्होंने 5 चौके और इतने ही छक्के लगाए। वह अंत तक नाबाद रहे। अक्षय सैनी ने 10 बॉल पर 20 रन का योगदान दिया। मोनू शुक्ला ने 13 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाए। हाल ही में सेंट्रल दिल्ली के बल्लेबाज यश धुल ने DPL में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सेंचुरी लगाई थी।
यह भी पढ़ें
फिटनेस की वजह से पहले दो टेस्ट से बाहर हुआ धाकड़ ऑलराउंडर, तीसरे टेस्ट में हो सकती है वापसी
25 साल की उम्र में इंग्लैंड के गेंदबाज ने लिया संन्यास, सिर्फ 4 इंटरनेशनल मैच में मिला मौका
Latest Cricket News