भारतीय क्रिकेट टीम इसी महीने न्यूजीलैंड का दौरा करेगी। 5 मैचों की T20I सीरीज से इस दौरे का आगाज होगा। इसके बाद 5 मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। ODI सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ विशेष रूप से तैयार की गई जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेगी। इस जर्सी के जरिए दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा। बता दें, साल 1926 में भारतीय सेना की हॉकी टीम ने पहली बार न्यूजीलैंड का दौरा किया था और खिलाड़ियों व समुदायों को एक साथ लाया था।
न्यूजीलैंड टीम की खास जर्सी को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति और भारतीय कला परंपराओं की झलक एक साथ दिखाई देगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस खास जर्सी को कोटाहितांगा ODI शर्ट नाम दिया है। इसका डिजाइन दोनों देशों के साझा इतिहास, सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी सम्मान को दर्शाता है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी ODI सीरीज में कीवी टीम इसी लिमिटेड एडिशन जर्सी को पहनकर खेलेंगे।
तीन कलाकारों ने मिलकर तैयार किया डिजाइन
इस खास जर्सी को तैयार करने में तीन कलाकारों ने अपना योगदान दिया है, जिसमें न्यूजीलैंड के कलाकार बेन थॉमसन, गुजरात के शिव नारंदास और जय पंचा शामिल गैं। तीनों ने अपनी-अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से प्रेरणा लेकर ऐसा डिजाइन तैयार किया, जो दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को दर्शाता है।
थॉमसन ने जर्सी में माओरी कला के पारंपरिक कोवाईव्हाई पैटर्न का इस्तेमाल किया है। डिजाइन में उन लोगों के योगदान को भी सम्मान दिया गया है, जिन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने में भूमिका निभाई। वहीं, शिव नारंदास और जय पंचा ने जर्सी में भारतीय कला से जुड़े तीन खास प्रतीकों को शामिल किया है। इनमें भारत का राष्ट्रीय फूल कमल, भारतीय वास्तुकला से प्रेरित दोहराव वाला पैटर्न और मंडला शामिल हैं।
22 अक्टूबर से भारत के न्यूजीलैंड दौरे का आगाज
न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग और कॉमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने इस पहल पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हम इस डिजाइन से बेहद खुश हैं। कलाकारों ने विशिष्ट माओरी और भारतीय डिजाइनों के बीच खूबसूरत संतुलन बनाया है, जो दोनों देशों के बीच के रिश्ते को दर्शाता है। डिजाइन तैयार करने वाले बेन थॉमसन ने बताया कि इस पूरी परियोजना का मुख्य विचार एकता था। उनके मुताबिक, जर्सी का डिजाइन इसी भावना को पूरी तरह व्यक्त करता है। भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होना है। इस खास जर्सी के जरिए ODI सीरीज में क्रिकेट के साथ दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत और दोस्ती भी चर्चा में रहेगी।
यह भी पढ़ें:
रणजी ट्रॉफी के पहले मैच से बाहर हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल, दूसरे मुकाबले में खेलने की उम्मीद
क्रिस गेल के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी से एक कदम दूर शेरफेन रदरफोर्ड, इंदौर में हो सकता है बड़ा कारनामा
Latest Cricket News