महिला वर्ल्ड कप 2025 बहुत शानदार अंदाज में खेला जा रहा है और फैंस को रोज रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने न्यूजीलैंड महिला टीम को मैच में 89 रनों से हरा दिया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 326 रन बनाए। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 237 रनों पर सिमट गई।
न्यूजीलैंड महिला ने कर ली भारतीय टीम की बराबरी
मैच हारने के साथ न्यूजीलैंड की टीम महिला वर्ल्ड कप में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीम बन गई है और उसने भारतीय महिला टीम की बराबरी की है। दोनों ही टीमों ने महिला वर्ल्ड कप में कुल 31-31 मुकाबले हारे हैं। दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज की टीम है, जिसने महिला वर्ल्ड कप में कुल 28 मुकाबले हारे हैं।
एश्ले गार्डनर ने खेली दमदार पारी
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के लिए मैच में एश्ले गार्डनर ने सबसे ज्यादा 115 रनों की पारी खेली, जिसमें 16 चौके और एक छक्का शामिल रहा। किम कर्थ ने 38 रनों का योगदान दिया। ताहलिया मैग्राथ ने 26 रन बनाए। वहीं ओपनर फोएबे लिचफील्ड ने 45 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम 326 रनों का स्कोर बनाने में सफल रही।
सोफी डिवाइन का शतक गया बेकार
इसके बाद न्यूजीलैंड के लिए कप्तान सोफी डिवाइन ने जरूर शतक लगाया, लेकिन उन्हें छोड़कर बाकी की बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाईं। डिवाइन ने 112 गेंदों में कुल 112 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अमेलिया केर ने 33 रन बनाए। सोफी के शतक के बाद भी पूरी न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 237 रनों पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए सोफी मोलीन्यू और एनाबेल सदरलैंड ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट चटकाए। एलाना किंग ने दो विकेट हासिल किए। इन गेंदबाजों की वजह से ही न्यूजीलैंड की टीम कम स्कोर पर सिमट गई।
यह भी पढ़ें:
टॉस हारते ही शुभमन गिल के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड, कपिल देव को छोड़ दिया पीछे
भारत का विजय रथ जारी, लगातार चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया; 2 बल्लेबाजों ने लगाए शतक
Latest Cricket News