A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तुक्के में मार दी एक सेंचुरी, अब एक एक रन के लिए तरस रहा ये खिलाड़ी

तुक्के में मार दी एक सेंचुरी, अब एक एक रन के लिए तरस रहा ये खिलाड़ी

IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट हारने के बाद टीम इंडिया दूसरे मुकाबले में भी पीछे चल रही है। इसके लिए​ जिम्मेदारी भारतीय खिलाड़ी ही हैं।

nitish kumar reddy- India TV Hindi
Image Source : GETTY नितीश कुमार रेड्डी

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुरू हो चुका है, जो बर्मिंघम में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 310 रन बना लिए हैं। भले ही शुभमन गिल ने शानदार सेंचुरी लगा दी हो, लेकिन भारतीय टीम अभी बैकफुट पर ही है। कप्तान के अलावा और कोई बल्लेबाज कुछ नहीं कर सका। खास तौर पर उस खिलाड़ी का उल्लेख यहां किया जाना जरूरी है, जो पहला मैच तो नहीं खेला, लेकिन इस मैच में मौका दिया गया। लेकिन एक एक रन उसके लिए पहाड़ चढ़ने जैसा हो गया है। हम बात कर रहे हैं ​नितीश कुमार रेड्डी की। 

शार्दुल ठाकुर की जगह मिली है रेड्डी को जगह

भारतीय टीम ने लीड्स टेस्ट में पेस ऑलराउंडर के तौर पर शार्दुल ठाकुर को मौका दिया था, लेकिन वे कुछ खास नहीं कर सके। ना तो शार्दुल से रन बने और ना ही वे ठीक से विकेट ले पाए। इसलिए दूसरे टेस्ट से शार्दुल को बाहर कर दिया गया और उनकी जगह एंट्री होती है नितीश कुमार रेड्डी की। नितीश कुमार उस वक्त बल्लेबाजी के​ लिए आए, जब टीम को उनके रनों की काफी ज्यादा जरूरत थी। लेकिन उनके बल्ले से रन नहीं बने। उन्होंने छह बॉल खेलकर केवल एक ही रन बनाया और क्रिस वोक्स की बॉल पर आउट होकर चले गए। 

शतक लगाने के बाद सिंगल ​डिजिट में ही रन बना रहे हैं रेड्डी 

नितीश कुमार रेड्डी ने अब तक एक टेस्ट शतक जरूर लगाया है, लेकिन लगता है कि वो ​तुक्के में आया था, क्योंकि उसके बाद रेड्डी कभी शतक तो दूर की बात है सिंगल डिजिट से भी आगे नहीं निकल पाए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिस मैच में रेड्डी ने शतक लगाया था, उसकी दूसरी पारी में वे केवल एक रन बनाकर आउट हो गए थे। 

अब दूसरी पारी में बनाने होंगे रेड्डी को रन

इसके बाद नितीश कुमार रेड्डी ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ सिडनी टेस्ट की पहली पारी में बिना खाता खोले आउट हो गए और इसके बाद दूसरी पारी में चार ही रन बना पाए। अब जबकि उन्हें इंग्लैंड सीरीज के दूसरे मैच में मौका मिला है तो वे फिर एक रन बनाकर आउट हो गए। एक शतक के अलावा रेड्डी के नाम अर्धशतक तक नहीं है। इससे समझा जा सकता है कि एक शतक लगाने वाले रेड्डी आखिर किस दर्जे के बल्लेबाज हैं। अब देखना होगा कि इसी मैच की दूसरी पारी में वे किस तरह की बल्लेबाजी करते हैं। 

Latest Cricket News