1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान करेगा IND vs PAK मैच का बहिष्कार, पहली बार नहीं होगा ऐसा, ENG और AUS भी कर चुके हैं बॉयकाट

पाकिस्तान करेगा IND vs PAK मैच का बहिष्कार, पहली बार नहीं होगा ऐसा, ENG और AUS भी कर चुके हैं बॉयकाट

पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 में मैच खेलने से इनकार कर दिया है। इससे पहले कई बार टीमें सुरक्षा या अन्य कारणों से इंटरनेशनल टूर्नामेंटों में हिस्सा लेने से पीछे हटी हैं।

IND vs PAK- India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम पाकिस्तान

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले के बहिष्कार का ऐलान कर पाकिस्तान ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है। पाकिस्तान सरकार ने 1 फरवरी को स्पष्ट किया कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी। यह फैसला ऐसे समय आया है जब भारतीय उपमहाद्वीप में क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इससे पहले बांग्लादेश भी भारत में सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए T20 वर्ल्ड कप से हट चुका है, जिसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। हालांकि, वर्ल्ड कप इतिहास में यह पहली बार नहीं है जब किसी टीम ने किसी खास मैच या पूरे टूर्नामेंट से दूरी बनाई हो। इससे पहले भी सुरक्षा कारणों और राजनीतिक हालात के चलते कई बार ऐसे फैसले लिए जा चुके हैं।

EN और WI ने श्रीलंका जाने से किया इनकार

1996 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान श्रीलंका गृहयुद्ध के दौर से गुजर रहा था। टूर्नामेंट से ठीक दो हफ्ते पहले कोलंबो में हुए बैंक बम धमाके में 91 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज दोनों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए श्रीलंका जाकर मैच खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि, दोनों टीमों को श्रीलंका से खेलने पर आपत्ति नहीं थी, लेकिन सुरक्षा चिंताओं के चलते वे मुंबई में ही रुक गईं। नतीजतन, श्रीलंका को दोनों मुकाबलों में वॉकओवर मिला। इसके बावजूद तीनों टीमें अगले दौर में पहुंच गईं।

इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे का किया बहिष्कार

2003 ODI वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को जिम्बाब्वे में हारारे जाकर मैच खेलना था। उस समय ब्रिटेन की टोनी ब्लेयर सरकार का जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे के खिलाफ सख्त रुख था। इंग्लैंड टीम को सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं थीं, जो मैच से पहले मिली धमकियों के बाद और बढ़ गईं। आखिरकार नासिर हुसैन की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम ने दौरा रद्द कर दिया। जिम्बाब्वे को वॉकओवर मिला और इंग्लैंड वर्ल्ड कप से बाहर हो गया।

न्यूजीलैंड ने जब केन्या जाने से किया इनकार

2003 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने भी केन्या के खिलाफ नैरोबी में खेलने से मना कर दिया। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली थी कि नैरोबी में आतंकी संगठन हमला कर सकते हैं। इसके बाद न्यूजीलैंड ने नहीं जाने का फैसला किया, केन्या को वॉकओवर मिला। इस टूर्नामेंट में केन्या ने इतिहास रचते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK: पाकिस्तान पीछे हटा, लेकिन टीम इंडिया निभाएगी पूरी जिम्मेदारी, करेगी ये सारे बड़े काम

हम कुछ नहीं कर सकते…’ भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर पाकिस्तानी कप्तान ने दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News