1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. NZ vs SA 3rd T20I: न्यूजीलैंड ने तीसरे टी20 मैच को किया 8 विकेट से अपने नाम, सीरीज में ली 2-1 की बढ़त

NZ vs SA 3rd T20I: न्यूजीलैंड ने तीसरे टी20 मैच को किया 8 विकेट से अपने नाम, सीरीज में ली 2-1 की बढ़त

NZ vs SA 3rd T20I: न्यूजीलैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है।

NZ vs SA 3rd T20I- India TV Hindi
Image Source : AFP न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका, तीसरा टी20 मैच।

NZ vs SA 3rd T20I: न्यूजीलैंड की टीम अपने घर पर अभी साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसमें इसके तीसरे मुकाबले को कीवी टीम 8 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 2-1 की बढ़त लेने में कामयाब हो गई है। दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का तीसरा मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया। इस मैच में कीवी टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी के लिए मददगार पिच को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 136 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। कीवी टीम ने इस टारगेट को काफी आसानी से सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर 16.2 ओवर्स में इसे हासिल करने में कामयाब रही।

साउथ अफ्रीका टीम की इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी देखने को नहीं मिली, जिसमें उन्होंने अपनी आधी टीम सिर्फ 46 रनों के स्कोर तक ही गंवा दिए थे। इसके बाद जॉर्ज लिंडे ने 23 रनों की पारी खेलने के साथ टीम के स्कोर को 136 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में बेन सियर्स, काइल जेमिसन और मिचेल सैंटनर 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहे। न्यूजीलैंड की टीम के दोनों ओपनिंग बल्लेबाज डीवोन कॉन्वे और टॉम लेथम ने शानदार शुरुआत देने के साथ पहले विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी करने के साथ इस मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। टॉम लेथम ने जहां नाबाद 63 रनों की पारी खेली तो वहीं कॉन्वे के बल्ले से 39 रनों की पारी देखने को मिली।

तीसरे टी20 मैच के लिए यहां पर देखिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

न्यूजीलैंड - डेवोन कॉन्वे, टॉम लेथम (विकेटकीपर), टिम रॉबिन्सन, निक केली, बेवन जैकब्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, कोल मैककॉन्ची, काइल जैमीसन, बेन सियर्स, लॉकी फर्ग्यूसन।

साउथ अफ्रीका - वियान मुल्डर, टोनी डी जोरजी, कॉनर एस्टरहुइज़न (विकेटकीपर), रुबिन हरमन, जेसन स्मिथ, डियान फॉरेस्टर, जॉर्ज लिंडे, गेराल्ड कोएत्ज़ी, केशव महाराज (कप्तान), नकोबानी मोकोएना, लूथो सिपाम्ला।

Latest Cricket News