A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027: अप्रैल में शुरू होगी जंग, मेजबान के भाग्य का होगा फैसला

ODI World Cup 2027: अप्रैल में शुरू होगी जंग, मेजबान के भाग्य का होगा फैसला

वनडे विश्व कप 2027 में कौन कौन सी टीमें खेलेंगी, इसके फैसले की घड़ी अब नजदीक आ रही है। खास तौर पर नामीबिया के भाग्य का फैसला होने को है। जो काफी अहम होगा।

namibia cricket team- India TV Hindi
Image Source : AP नामीबिया क्रिकेट टीम

वनडे विश्व कप 2027 अगले साल है, लेकिन इसमें कौन कौन सी टीमें खेलेंगी, इसका फैसला अब होना है। वैसे तो विश्व कप दूर है, लेकिन क्वालीफायर राउंड का अगला दौर शुरू होने वाला है। खास बात ये है कि तीन में से एक मेजबान देश नामीबिया के भाग्य का फैसला भी होना है, इसलिए इन मैचों को लेकर रोचकता ​बनी हुई है। ये मैच कब से शुरू होंगे और नामीबिया का मुकाबला कब है, चलिए इसके बारे में आपको बताते हैं। 

साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामी​बिया में खेला जाएंगे वनडे विश्व कप 2027 के मैच

आईसीसी का बड़ा क्रिकेट इवेंट अगले साल यानी 2027 के आखिर में होगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो चुकी हैं। इस बार होने वाले विश्व कप में कुल मिलाकर 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इस बार के विश्व कप की मेजबानी की जिम्मेदारी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया पर है। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीमें तो मेजबान होने के नाते पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं, लेकिन नामीबिया का मामला फंसा हुआ है। टीम आईसीसी की फुल मैंबर नहीं है और एसोसिएट देश है, इसलिए उसे क्वालीफायर खेलकर आना होगा। 

दो अप्रैल से खेले जाएंगे वनडे विश्व कप 2027 के लिए क्वालीफायर मैच

वनडे विश्व कप 2027 के लिए क्वालीफायर साल 2023 से ही शुरू हो गए थे। साल 2027 के मार्च तक इसका फैसला होना है। इस बीच 2023 से जो लीग 2 शुरू हुई थी, उसमें नेपाल, नामीबिया, नीदरलैंड्स, यूएई, कनाडा, स्कॉटलैंड, ओमान और यूएसए यानी अमेरिका की टीमें शामिल हैं। बीच बीच में इसके मैच होते हैं और रुक जाते हैं। अब नया दौर 2 अप्रैल से शुरू हो रहा है। पहले दिन स्कॉटलैंड और ओमान के बीच मुकाबला होगा। 

12 अप्रैल तक खेले जाएंगे मुकाबले

इसके बाद चार अप्रैल को अहम मुकाबला है। इस दिन नामीबिया और ओमान की टीमें आमने सामने होने जा रही हैं। इसके बाद 6 अप्रैल को भी नामीबिया का मैच स्कॉटलैंड से होगा। नामीबिया की टीम चूंकि मेजबान है, इसलिए सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या ये टीम आगे जा पाती है या फिर बाहर हो जाएगी। ये मैच 12 अप्रैल तक चलेंगे। इसी दिन नामीबिया की टीम स्कॉटलैंड से भिड़ेगी। 

नामीबिया की टीम अंक तालिका में छठे नंबर पर 

इस बीच अगर अंक तालिका पर नजर डालें तो नामीबिया की हालत काफी पतली है। आठ में से नामीबिया की टीम छठे स्थान पर है। इसलिए उसका आगे जाना आसान नहीं होगा। यहां पर यूएसए की टीम पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज है। वहीं स्कॉटलैंड की टीम दूसरे नंबर पर है। देखना काफी दिलचस्प होगा कि जब नामीबिया की टीम मैदान पर उतरेगी तो कैसा प्रदर्शन करती है। 

यह भी पढ़ें 

एमएस धोनी ने IPL 2026 से पहले शुरू की विकेटकीपिंग क्लास, युवा खिलाड़ियों के साथ बिताया लंबा वक्त

CSK के लिए IPL 2026 में कौन करेगा ओपनिंग, टीम के पास 3 ऑप्शन, कप्तान गायकवाड़ ने उठाया राज से पर्दा

Latest Cricket News