1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027: इस टीम पर बाहर होने का खतरा, करो या मरो के आखिरी 9 दिन

ODI World Cup 2027: इस टीम पर बाहर होने का खतरा, करो या मरो के आखिरी 9 दिन

वनडे विश्व कप अगले साल यानी 2027 में खेला जाएगा, लेकिन इस बीच होस्ट नेशन पर ही बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में विश्व कप होगा, लेकिन सभी मेजबान देश इसमें खेल पाएंगे, इसकी संभावना काफी कम है।

odi world cup- India TV Hindi
Image Source : AFP वनडे विश्व कप

वनडे विश्व कप 2027 में खेला जाएगा। इसके लिए आईसीसी की तैयारी शुरू हो चुकी है। अगले साल के अक्टूबर से लेकर नवंबर तक ये आईसीसी का सबसे बड़ा टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। अब इसमें करीब डेढ़ साल का वक्त है, लेकिन अभी ये तय नहीं है कि कौन कौन सी टीमें इसमें खेलेंगी। इस बीच सबसे ज्यादा संकट जिस टीम पर नजर आ रहा है, वो नामीबिया है। इस वक्त वनडे लीग 2 चल रही है, इसी से नामीबिया के बारे में पता चलेगा। आने वाले 9 दिन इस टीम के लिए काफी अहम होने वाले हैं। अगर टीम यहां से बाहर हुई तो उसके पास आखिरी विकल्प बचेगा, जो कि और भी ज्यादा कठिन है।

साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा अगला वनडे विश्व कप

आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 जैसा कि इंडिया टीवी ने आपको पहले भी बताया है कि ये साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीमें पहले ही होस्ट होने के नाते विश्व कप के क्वालीफाई कर चुकी हैं, लेकिन नामीबिया के साथ कहानी दूसरी है। नामीबिया आईसीसी का फुल मैंबर नहीं है, वो एसोसिएट नेशन है, इसलिए उसे क्वालीफाई खेलकर आना होगा। जहां से उसके लिए मुश्किलें खड़ी नजर आती हैं। ये बात भी इंडिया टीवी ने आपको विस्तार से बताई थी। 

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 के मैच इस वक्त चल रहे हैं

वर्ल्ड कप 2027 के क्वालीफिकेशन के लिए CWC League 2 एक अहम रास्ता है। इस लीग की ताजा अंक तालिका देखें तो पता चलता है कि नामीबिया की टीम काफी नीचे है। यहां तक कि यूएसए, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की टीमें नामीबिया से आगे निकल चुकी हैं। अभी तक की बात करें तो नामीबिया ने 24 में से केवल 9 मैच जीते हैं और टीम छठे स्थान पर हैं। अगर नामीबिया की टीम आने वाले मैचों के बाद भी टॉप 4 में नहीं पहुंची तो उसे यहां से बाहर होना होगा। हालांकि इसके बाद भी नामीबिया की टीम बाहर नहीं होगी, उसके एक और मौ​का मिलेगा। फिर टीम के पास क्वालीफायर प्ले-ऑफ के रासते आने का मौका होगा, जो कि और भी ज्यादा कठिन है। 

12 अप्रैल से पहले तय हो जाएगा नामीबिया का भविष्य

वनडे लीग 2 में नामीबिया की किस्मत का फैसला आने वाले 9 दिनों में होगा। इस लीग का मौजूदा चरण 12 अप्रैल 2026 को खत्म हो रहा है। आखिरी मुकाबला नामीबिया और स्कॉटलैंड के बीच खेला जाएगा। नामीबिया की टीम फिलहाल छठे स्थान पर है। टीम ने 24 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 9 जीते हैं और 14 हारे हैं। उनके पास कुल 19 पॉइंट्स हैं। टीम को टॉप-4 में आने के लिए ओमान और नीदरलैंड्स को पीछे छोड़ना होगा। नामीबिया के पास 4 आखिरी वनडे मैच बचे हैं। अगर वे ये चारों मैच जीत जाते हैं, तभी उनके टॉप-4 में आने की उम्मीद बचेगी। नहीं तो यहां से कम से कम खेल खत्म हो जाएगा। 

अगले 4 मैचों में टीम हुई फेल तो खत्म होगा खेल

अब सवाल ये है कि अगर नामीबिया की टीम मैच हार गई और टॉप 4 में नहीं पहुंच पाई तो क्या होगा। इसका मतलब ये होगा कि टीम सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाएगी। इसके बाद टीम को क्वालीफायर प्लेऑफ खेलना होगा। कुल मिलाकर अगले 9 दिन नामीबियाई क्रिकेट के लिए करो या मरो वाले हैं। अगर टीम इन 4 मैचों में फेल हुई तो 2027 वर्ल्ड कप में उनके खेलने का सपना खतरे में पड़ जाएगा।

यह भी पढ़ें 

ODI World Cup 2027: क्या है सुपर 6 फॉर्मेट, 24 साल बाद लौटेगा पुराना रोमांच, विस्तार से समझिए

ODI World Cup 2027: आईसीसी ने बनाया खास प्लान, पहले से और बड़ा होगा वनडे विश्व कप

Latest Cricket News