A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027: रोचक हो गई है अब जंग, क्या 2 बार की चैंपियन टीम हो जाएगी बाहर

ODI World Cup 2027: रोचक हो गई है अब जंग, क्या 2 बार की चैंपियन टीम हो जाएगी बाहर

वनडे विश्व कप 2027 में अभी वक्त है, लेकिन इसमें कौन कौन सी टीमें हिस्सा लेंगी, इससे पर्दा नहीं हटा है। इस बीच ये जंग और भी रोचक होती हुई नजर आ रही है।

ODI World Cup- India TV Hindi
Image Source : AFP वनडे विश्व कप

वनडे विश्व कप अगले साल खेला जाएगा, लेकिन इसको लेकर अभी से रोमांच बनना शुरू हो गया है। साल 2027 में होने वाले विश्व कप में कौन कौन सी टीमें हिस्सा लेंगी, अभी ये तय नहीं हुआ है। इस बीच जो समीकरण बन रहे हैं, वो बता रहे हैं कि कहीं ऐसा ना हो जाए कि दो बार विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम ही बाहर हो जाए। हालांकि आखिरी लिस्ट जारी होने में अभी वक्त है और तब तक कुछ भी उलटफेर हो सकता है। चलिए आपको बताते हैं कि पूरा माजरा है क्या और कौन सी टीम इस आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। 

चार साल बाद खेला जाता है आईसीसी वनडे विश्व कप

आईसीसी का अगला बड़ा टूर्नामेंट अब ​साल 2027 में होगा, जब वनडे विश्व कप खेला जाएगा। भले ही साल 2007 से टी20 विश्व कप भी होना लगा हो, लेकिन ये सभी जानते हैं कि जो बात वनडे विश्व कप की है, वो किसी और आईसीसी टूर्नामेंट में नहीं है। रोहित शर्मा भी कह चुके हैं कि वे वनडे विश्व कप जीतना चाहते हैं। भले ही उन्होंने साल 2007 में ही अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर लिया हो, लेकिन अभी तक वे एक भी बार वनडे विश्व कप नहीं जीत पाए हैं। 

साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होगा अगला वनडे विश्व कप

अगले साल होने वाला विश्व कप अक्टूबर से लेकर नवंबर तक खेला जाएगा। इसकी मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के पास है। अभी तक आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 का शेड्यूल जारी नहीं किया है और ना ही ये तय है कि कौन कौन सी टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। हालांकि ये तय है कि कुल मिलाकर 14 टीमें अगले साल होने वाले विश्व कप का हिस्सा होंगी। साल 2023 में दस टीमें इस टूर्नामेंट में भाग ले रही थीं। अब आईसीसी फिर से पुराने फार्मेट की वापसी करा रही है। 

साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की डायरेक्ट एंट्री, नामीबिया को खेलने होंगे क्वालीफायर मुकाबले

दरअसल साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने मेजबान होने के बाद पहले ही इस टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की कर ली है। नामीबिया को क्वालीफायर खेलकर आना होगा, क्योंकि ये टीम आईसीसी की फुल मैंबर नहीं है। साथ ही आईसीसी बाकी टीमों का फैसला वनडे रैंकिंग के आधार पर करेगा। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के अलावा आठ टीमों का फैसला आईसीसी रैंकिंग से होगा। अभी तक टॉप 8 में ना तो बांग्लादेश की टीम है और वेस्टइंडीज की टीम भी इससे बाहर है। अभी ​की बात करें तो बांग्लादेश की टीम नंबर 9 और वेस्टइंडीज दसवें नंबर पर है। 

वेस्टइंडीज की टीम वनडे विश्व कप 2027 से हो सकती है बाहर

हालांकि आईसीसी ने तय किया है कि मार्च 2027 में जो टीमें टॉप 8 में होंगी, उनकी डायरेक्ट एंट्री हो जाएगी, लेकिन जो टीमें इससे बाहर होंगी, उन्हें क्वालीफायर खेलकर आना होगा। साउथ अफ्रीका की टीम इस वक्त आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर 5 पर है, इसलिए आईसीसी टॉप 9 टीमें विश्व कप में शामिल करेगा। यानी इस तरह से देखें तो बांग्लादेश की टीम तो क्वालीफाई कर जाएगी, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम बाहर हो जाएगी। इस बीच अभी वक्त है तो वेस्टइंडीज के पास मौका है कि वो मैच खेलकर टॉप 8 में पहुंचें, ताकि टीम बाहर न हो जाए। 

दो बार वनडे विश्व कप का खिताब जीत चुकी है वेस्टइंडीज की टीम, अब एंट्री के भी पड़े लाले

वेस्टइंडीज का एक वक्त क्रिकेट की दुनिया पर राज होता था। साल 1975 में जब पहली बार वनडे विश्व कप खेला गया था, तब वेस्टइंडीज ने ही इसे अपने नाम किया था। इसके बाद जब साल 1979 में दूसरा विश्व कप हुआ तो उसे भी वेस्टइंडीज ने ही जीता। साल 1983 में तीसरे विश्व कप फाइनल तक भी वेस्टइंडीज की टीम पहुंची, लेकिन भारतीय टीम ने उसे हराकर दिया और खिताब पर कब्जा किया। इसके बाद से लेकर अब तक वेस्टइंडीज की टीम कभी वनडे विश्व कप नहीं जीत पाई है। अब तो टीम के इस टूर्नामेंट में खेलने पर पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। देखना होगा कि मार्च 2027 में जब टीमों के नाम फाइनल होंगे, त​ब उसमें वेस्टइंडीज का नाम होता है कि टीम बाहर हो जाती है। अगर वेस्टइंडीज ने अपनी जगह पक्की कर ली तो बांग्लादेश टीम बाहर हो सकती है। कुल मिलाकर आने वाले दिनोंं में जंग रोचक होने वाली है। 

यह भी पढ़ें 

आईपीएल मैच शुरू होने का सही वक्त नोट कीजिए, नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला

क्या सूर्यकुमार यादव बनेंगे मुंबई इंडियंस के कप्तान, पूर्व दिग्गज ने ऐसी बात कह मचा दी सनसनी

 

Latest Cricket News