ओमान क्रिकेट टीम ने दिखाया दम, टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही जीत लिया मुकाबला
ओमान क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले वार्मअप मैच में श्रीलंका ए को हरा दिया है। सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। विनायक शुक्ला ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया।

ओमान क्रिकेट टीम इस बार टी20 वर्ल्ड कप खेल रही है। इससे पहले कि ये टूर्नामेंट शुरू हो, ओमान क्रिकेट टीम ने कमाल कर दिया है। अभी वार्मअप मैच ही खेले जा रहे हैं, लेकिन टीमें इसे पूरी गंभीरता से ले रही हैं। ओमान ने जिस तरह का खेल दिखाया है, उससे पता चलता है कि जब असली मुकाबले शुरू होंगे तो ये टीम कोई बड़ा उलटफेर कर सकती है। इससे ओमान के ग्रुप की टीमें की टेंशन बढ़ सकती है।
ओमान ने श्रीलंका ए को वार्मअप मैच में दी मात
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ओमान क्रिकेट टीम का वार्मअप मैच श्रीलंका ए से हुआ। इसे ओमान ने बड़ी आसानी से पांच विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम ने एक ठीकठाक टारगेट को 12 बॉल शेष रहते हासिल कर लिया। मैच में श्रीलंका ए की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 145 रनों का स्कोर बनाया था।
श्रीलंका ए की टीम का रहा खराब प्रदर्शन
ओमान के गेंदबाजों ने पहले शानदार गेंदबाजी का मुजायरा किया। श्रीलंका ए की टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज 50 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया। टीम के लिए सबसे बड़ा स्कोर वनुजा सहान ने बनाया। उनके बल्ले से 29 रनों की पारी आई। इसके बाद जब ओमान की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरी तो बड़ी आसानी से रन चेज कर लिया।
आमिर कलीम ने की धमाकेदार बल्लेबाजी, विनायक शुक्ला ने भी किया कमाल
ओमार के लिए सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम ने ही टीम की जीत तय कर दी थी। उन्होंने 47 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 80 रन ठोक दिए। इसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसके बाद विनायक शुक्ला ने 24 बॉल पर जबरदस्त 39 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाने का काम किया। ओमान ने केवल 18 ओवर में ही पांच विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
ओमान का टी20 वर्ल्ड कप में इन टीमों से होगा मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान की टीम अपना पहला मुकाबला 9 फरवरी को खेलेगी, जब कोलंबो में उसका मैच जिम्बाब्वे से होगा। ओमान का मैच इस टूर्नामेंट में श्रीलंका, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया से भी होगा। अगर ओमान ने ऐसा ही प्रदर्शन वर्ल्ड कप के दौरान किया तो हो सकता है कि टीम अगले राउंड में भी चली जाए। फिलहाल इस जीत से टीम का मनोबल जरूर बढ़ा हुआ होगा। जो विश्व कप के मैचों में भी दिखाई दे सकता है।
यह भी पढ़ें
T20 World Cup 2026 Warm-up: टीम इंडिया खेलेगी वार्मअप मैच, कितने बजे शुरू होगा मुकाबला, ये रही तारीख
T20 World Cup 2026: भारत से नहीं खेला तो ऐसा होगा पाकिस्तान का शेड्यूल, इन टीमों से होगा मुकाबला