ऑरेंज कैप की रेस दिनोंदिन और भी ज्यादा दिलचस्प होती जा रही है। वैसे तो अभी भी टॉप की कुर्सी पर गुजरात टाइटंस के ही दो बल्लेबाजों का कब्जा है, लेकिन इस बीच विराट कोहली ने भी टॉप 5 में एंट्री मार दी है। इससे वे भी एक मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। आने वाले दिनों में ये कैप किसके सिर पर जाएगी, अभी कह पाना काफी ज्यादा मुश्किल है।
साई सुदर्शन अभी भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज, गिल दूसरे नंबर पर
आईपीएल में इस वक्त प्लेऑफ का दौर चल रहा है। पहले क्वालीफायर में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को बुरी तरह से पीट दिया है। यानी आरसीबी ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, वहीं गुजरात टाइटंस को दूसरा क्वालीफायर भी खेलना होगा। इस बीच ऑरेंज कैप पर अभी भी गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन का ही कब्जा है। उन्होंने 15 मैच खेलकर 652 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल दूसरे नंबर पर आते हैं। उन्होंने 14 मैच खेलकर 618 रन बनाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले हेनरिक क्लासेन तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 14 मैचों में 606 रन बनाए हैं।
विराट कोहली ने भी पूरे किए 600 रन, ऑरेंज कैप के लिए ठोकी दावेदारी
इन टॉप 3 बल्लेबाजों के बाद अब नंबर चार पर विराट कोहली आ गए हैं। कोहली ने अब तक 15 मैच इस सीजन के आईपीएल में खेलकर अपने 600 रन पूरे कर लिए हैं। यानी अब तक कुल मिलाकर चार ही बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने 600 से अधिक रन बनाने में सफलता हासिल की है। मंगलवार को खेले गए आरसीबी बनाम जीटी मुकाबले में विराट कोहली ने केवल 25 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 43 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान पांच चौके और एक छक्का लगाने का काम किया।
अभी भी कई बल्लेबाजों के पास कैप जीतने का मौका
अब आज यानी बुधवार को पहला एलिमिनेटर खेला जाएगा। इसमें सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आपस में भिड़ेंगी। इस दौरान हेनरिक क्लासेन और वैभव सूर्यवंशी पर नजर रहेगी। ये दोनों भी इस कैप के दावेदारों में शामिल हैं। देखना होगा कि फाइनल में आरसीबी के सामने कौन सी टीम आती है। आने वाले मैच ही तय करेंगे कि इस बार का ऑरेंज कैप किसके सिर पर सजेगा। अभी भी इस सीजन में कुल मिलाकर तीन मैच बाकी हैं। हालांकि हर बल्लेबाज को अब एक या फिर दो ही मैच मिलेंगे।
यह भी पढ़ें
RCB दूसरा IPL खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर, GT को हराकर फाइनल में मारी धमाकेदार एंट्री
प्लेऑफ में रजत पाटीदार के बल्ले ने लगाया गजब का शॉट, देखकर खुला रह गया विराट का मुंह, VIDEO हुआ वायरल
Latest Cricket News