1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान के इंटरनेशनल शेड्यूल को लेकर आई बड़ी खबर, ट्राई सीरीज में आयरलैंड और जिम्बाब्वे से होगी टक्कर

पाकिस्तान के इंटरनेशनल शेड्यूल को लेकर आई बड़ी खबर, ट्राई सीरीज में आयरलैंड और जिम्बाब्वे से होगी टक्कर

पाकिस्तान के इंटरनेशनल शेड्यूल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पाकिस्तानी टीम आयरलैंड और जिम्बाब्वे के साथ ट्राई सीरीज खेलेगी।

Pakistan Cricket- India TV Hindi
Image Source : AFP पाकिस्तान क्रिकेट टीम

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने 2026-27 वित्तीय वर्ष के बजट को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही आने वाले सीजन के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम का व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल भी सामने आ गया है। इस शेड्यूल में घरेलू और विदेशी दौरों के अलावा कई अहम द्विपक्षीय और ट्राई सीरीज शामिल हैं। पाकिस्तान अपनी सरजमीं पर आयरलैंड और जिम्बाब्वे के साथ ट्राई सीरीज खेलेगा। यह नए चक्र में पाकिस्तान की दूसरी ट्राई सीरीज होगी। इससे पहले इसी साल टीम इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ ODI ट्राई सीरीज में भी हिस्सा लेगी।

लंका की टीम करेगी पाकिस्तान का दौरा

आयरलैंड का पाकिस्तान दौरा सिर्फ लिमिटेड ओवर्स तक सीमित नहीं रहेगा। इस दौरे पर दोनों देशों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। वहीं श्रीलंका की टीम पाकिस्तान दौरे पर दो टेस्ट और तीन T20I मैच खेलेगी। इसके अलावा न्यूजीलैंड की टीम भी पाकिस्तान आएगी, जहां दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी। विदेशी दौरों की बात करें तो पाकिस्तान टीम आयरलैंड में एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी, जहां पांच ODI और एक टेस्ट मैच की सीरीज खेली जाएगी।

महिला क्रिकेट टीम का शेड्यूल भी काफी व्यस्त रहने वाला है। न्यूजीलैंड की महिला टीम पाकिस्तान में तीन T20I मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद पाकिस्तान महिला टीम वेस्टइंडीज का दौरा करेगी, जहां तीन ODI और तीन T20I मुकाबले खेले जाएंगे।

पाकिस्तान शाहीन्स जाएगी ऑस्ट्रेलिया

घरेलू क्रिकेट और युवा खिलाड़ियों के विकास पर भी PCB ने विशेष ध्यान दिया है। पाकिस्तान शाहीन्स टीम ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी और वहां आठ T20I मैच खेलेगी। वहीं इंग्लैंड की अंडर-19 टीम पाकिस्तान आकर तीन ODI और दो तीन-दिवसीय मैच खेलेगी। श्रीलंका की अंडर-17 टीम भी पाकिस्तान का दौरा करेगी। इसके अलावा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड महिला अंडर-19 ट्राई सीरीज की भी मेजबानी करेगा, जिसमें श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी। इस तरह 2026-27 का सीजन पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण रहने वाला है।

वेस्टइंडीज दौरे की तैयारियों में जुटी टीम

गौरतलब है कि पाकिस्तान की मेन्स टीम फिलहाल वेस्टइंडीज दौरे की तैयारियों में जुटी है। पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच 25 जुलाई से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद पाकिस्तान 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी। 19 अगस्त से इंग्लैंड दौरे का आगाज होगा।

यह भी पढ़ें:

ICC T20 World Cup 2026: पाकिस्तान का खेल खत्म, चार टीमें टी20 विश्व कप से बाहर

भारत ने पाकिस्तान को FIH प्रो हॉकी लीग 2025-26 में लगातार दूसरी बार चटाई धूल, मुकाबले को एकतरफा 7-1 से जीता

Latest Cricket News