1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तानी टीम को लगा तगड़ा झटका, WI और इंग्लैंड टूर से पहले फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने दिया इस्तीफा

पाकिस्तानी टीम को लगा तगड़ा झटका, WI और इंग्लैंड टूर से पहले फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने दिया इस्तीफा

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने इस्तीफा दे दिया है। वह करीब एक साल से टीम के साथ जुड़े थे।

Pakistan Cricket- India TV Hindi
Image Source : AFP शेन मैकडरमॉट और पाकिस्तान क्रिकेट टीम

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के अहम दौरे से ठीक पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे समय में उनका जाना पाकिस्तान टीम के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है, क्योंकि टीम को अगले कुछ हफ्तों में लगातार विदेशी दौरा करना है।

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई कोच शेन मैकडरमॉट करीब एक साल तक पाकिस्तान टीम के साथ जुड़े रहे, लेकिन अब उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB से जुड़े एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि मैकडरमॉट वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे पर टीम के साथ नहीं जाएंगे।

मंसूर अमजद बन सकते हैं नए फील्डिंग कोच

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनके विकल्प की तलाश भी शुरू कर दी है। पाकिस्तान शाहीन्स और अंडर-19 टीम के साथ फील्डिंग कोच के रूप में काम कर चुके मंसूर अमजद इस पद के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान शाहीन्स और अंडर-19 टीम के फील्डिंग कोच रहे मंसूर अमजद, शेन मैकडरमॉट की जगह ले सकते हैं।

विदेशी दौरों से पहले बढ़ी PCB की मुश्किल

पाकिस्तान टीम 13 जुलाई को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए वेस्टइंडीज रवाना होगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां उसे तीन टेस्ट मैच खेलने हैं। ऐसे महत्वपूर्ण दौरों से पहले फील्डिंग कोच का इस्तीफा टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक मैकडरमॉट के इस्तीफे की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है। यही कारण है कि इस फैसले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

विदेशी कोचों का लगातार जाना जारी

हाल के वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट में विदेशी कोचों और सपोर्ट स्टाफ के अचानक पद छोड़ने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। इससे पहले ट्रेनर और फिजियो क्लिफ डीकन भी टीम से अलग हो चुके हैं। वहीं, पूर्व मुख्य कोच गैरी कर्स्टन और जेसन गिलेस्पी ने भी अपने पदों से इस्तीफा दिया था। पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट ने कई विदेशी कोच, ट्रेनर और फिजियो को आते-जाते देखा है। इनमें सबसे चर्चित मामला 2019 का रहा, जब स्टीव रिक्सन ने बोर्ड के साथ मतभेदों के चलते अपना पद छोड़ दिया था।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान टीम में कप्तानी बदली, लेकिन कोच सरफराज का शान मसूद पर भरोसा बरकरार

पाकिस्तान के कोच ने भी माना टीम इंडिया का लोहा, कहा- भारत बाकी सभी टीमों से काफी ऊपर

Latest Cricket News