A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान नहीं आ रहा बाज, अब वैभव सूर्यवंशी की कर दी लप्पेबाज खिलाड़ी से तुलना

पाकिस्तान नहीं आ रहा बाज, अब वैभव सूर्यवंशी की कर दी लप्पेबाज खिलाड़ी से तुलना

पाकिस्तान की ओर से भारत के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ तो खूब की जा रही है, लेकिन उनकी तुलना मोहम्मद यूसुफ ने लप्पेबाज शाहिद अफरीदी से कर दी है। जो कतई समझ में नहीं आता।

Vaibhav Sooryavanshi and Shahid Afridi- India TV Hindi
Image Source : AP-GETTY वैभव सूर्यवंशी और शाहिद अफरीदी

पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आ जाए ऐसा होता नहीं है। वैभव सूर्यवंशी की चर्चा इस वक्त भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में हो रही है। ऐसे में उनकी बात पाकिस्तान में भी हो रही है। एक तरफ तो पाकिस्तान में इस बात का खौफ है कि जब वैभव पाकिस्तान के खिलाफ खेलने उतरेंगे, तब उनके गेंदबाजों का क्या हाल करेंगे, वहीं उनकी तुलना पाकिस्तान के ही एक लप्पेबाज खिलाड़ी से भी की जा रही है। जो कतई ठीक नहीं लगती। 

मोहम्मद यूसुफ ने की वैभव की तारीफ, लेकिन कर दी शाहिद अफरीदी से तुलना

वैभव सूर्यवंशी इस वक्त पूरी दुनिया पर छाए हुए हैं। आईपीएल में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए ऐसा गदर मचाया है कि हर जुबां पर उन्हीं का नाम है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने एक तरफ तो वैभव की तारीफ की और उनकी तुलना पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी से कर दी है। मोहम्मद यूसुफ ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट के सेंसेशन हैं। साथ ही उन्होंने लिखा है कि वे उन्हें शाहिद अफरीदी की याद दिलाते हैं। वे युवा, निडर, विस्फोटक और ऊर्जा से भरपूर हैं। क्रिकेट का भविष्य यहीं पर है। 

तुक्के में छक्के लगाते रहे हैं शाहिद अफरीदी

जिस शाहिद अफरीदी से वैभव सूर्यवंशी की तुलना की जा रही है, उनके बारे में पूरी दुनिया जानती है। शाहिद अफरीदी ने साल 2006 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी और इसके बाद 2015 तक खेले। हालांकि लीग क्रिकेट तो वे अभी कुछ दिन पहले तक खेलते रहे हैं। सभी को पता है कि अफरीदी एक तुक्केबाज खिलाड़ी थे। वे छक्के तो लगाते थे, लेकिन ना जाने कितनी ही बार वे शून्य पर भी आउट हुए हैं। वे टाइमिंग नहीं, ​बल्कि ताकत का खेल खेलते थे। कई बार बॉल बाउंड्री के बाहर भी चली जाती थी और कई बार लपके भी जाते थे। वहीं वैभव सूर्यवंशी टाइमिंग से स्ट्रोक खेलते हैं। वे किस तकनीक का इस्तेमाल करते हैं, इसके बारे में सचिन तेंदुलकर ने भी सोशल मीडिया पर बताया था। 

विराट कोहली से की जाती थी बाबर आजम की तुलना

पाकिस्तान की ये आदत रही है कि वो भारत के किसी भी बड़े खिलाड़ी की तुलना अपने किसी ना किसी खिलाड़ी से करते हैं। जब विराट कोहली अपने प्राइम फॉर्म में थे, तब पाकिस्तान में उनकी तुलना बाबर आजम से की जाने लगी थी। जब​कि सभी जानते हैं कि विराट कोहली और बाबर में कितना फर्क है। आज विराट कोहली दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं, जब वे अपने करियर की ढलान पर हैं। वहीं बाबर आजम अभी युवा हैं और इसके बाद भी टीम में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें 

नंदिनी शर्मा ने अपने इंटरनेशनल डेब्यू में ही मचाया गदर, 16 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी

हार्दिक पांड्या से छीनी जाएगी मुंबई इंडियंस की कप्तानी! टीम में होने जा रहे है बहुत बड़े बदलाव

Latest Cricket News