1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान की हुई दुर्गति, वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली शर्मनाक हार

बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान की हुई दुर्गति, वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली शर्मनाक हार

बाबर आजम के टेस्ट फॉर्मेट में फिर से कप्तानी संभालने के बाद पाकिस्तानी टीम के प्रदर्शन में कोई खास बड़ा सुधार देखने को नहीं मिला है, जिसमें उनको वेस्टइंडीज के दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 90 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा है।

PAK vs WI- India TV Hindi
Image Source : AFP पाकिस्तान बनाम वेस्टइंडीज

पाकिस्तान की टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए वेस्टइंडीज के दौरे पर पहुंची हुई है, जिसमें बाबर आजम को इस फॉर्मेट में दोबारा से कप्तानी करने का मौका मिला है लेकिन उसका आगाज बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला। वेस्टइंडीज की टीम ने पाकिस्तान को तरौबा के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में 90 रनों से मात देने के साथ अब सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। पाकिस्तानी टीम को इस मुकाबले की चौथी पारी में 211 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उनकी तरफ से दूसरी पारी में काफी खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें वह सिर्फ 120 रन बनाकर सिमट गई। वेस्टइंडीज के लिए इस पारी में गेंद से जायडन सील्स ने कमाल दिखाया जिन्होंने 14.2 ओवर्स में सिर्फ 20 रन देने के साथ 5 विकेट हासिल किए।

पाकिस्तान को घर के बाहर मिली लगातार 8वीं हार

बाबर आजम को पीसीबी ने फिर से कप्तानी इस वजह से सौंपी थी कि पाकिस्तानी टीम का टेस्ट क्रिकेट में घर के बाहर काफी शर्मनाक प्रदर्शन लगातार जारी देखने को मिल रहा था। हालांकि इसके बावजूद कुछ खास सुधार देखने को नहीं मिला है। पाकिस्तानी टीम ने घर के बाहर साल 2023 के जुलाई महीने में श्रीलंका दौरे पर आखिरी बार टेस्ट मुकाबले में जीत हासिल की थी, जिसके बाद से अब उन्हें लगातार 8 टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा है। ये अब तक का उनका विदेशी टेस्ट मैचों में लगातार सबसे ज्यादा लंबे समय तक का हार का सिलसिला है। वहीं वेस्टइंडीज टीम को लेकर बात की जाए तो वह पिछले 11 टेस्ट मुकाबलों में सिर्फ दूसरा मुकाबला जीतने में कामयाब हो सके हैं।

टेस्ट में सिर्फ छठी बार तेज गेंदबाजों ने लिए सभी 40 विकेट

वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच में खेले गए इस टेस्ट मुकाबले में दोनों टीमों की तरफ से तेज गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला जिसमें टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सिर्फ छठी बार ऐसा हुआ है कि किसी मुकाबले में सभी 40 विकेट तेज गेंदबाज लेने में कामयाब रहे हैं। इसके अलावा ऐसा पहली बार हुआ है कि पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम से सभी 20 विकेट उनके तेज गेंदबाज लेने में कामयाब रहे।

एक टेस्ट मैच में सभी 40 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज

  • इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज - द ओवल, साल 1984
  • पाकिस्तान बनाम जिम्बाब्वे - रावलपिंडी, साल 1993
  • इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका - लीड्स, साल 1998
  • साउथ अफ्रीका बनाम भारत - जोहान्सबर्ग, साल 2018
  • इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड - लॉर्ड्स, साल 2026
  • वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान - तरौबा, साल 2026

ये भी पढ़ें

असिस्टेंट कोच के बाद फील्डिंग कोच टी दिलीप की होगी विदाई! BCCI ने नहीं बढ़ाया कॉन्ट्रैक्ट

टीम इंडिया के खिलाफ सनसनी मचाने वाले जय मूंदड़ा अब ODI में मचाएंगे धमाल, IRE vs AFG सीरीज के लिए टीम में शामिल

Latest Cricket News