पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आयरलैंड के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स की सीरीज को 2027 तक के लिए स्थगित करना पड़ा है। आयरलैंड की टीम को पाकिस्तान का दौरा करना था और उसे तीन टी20, तीन वनडे मैच खेलने थे। आयरलैंड की टीम आज तक कोई भी सीरीज खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं गई है। उसका ये पहला दौरा होता, लेकिन विंडो ना होने की वजह से इसे 2 साल के लिए आगे बढ़ाया गया है। ESPN की क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक अब दोनों बोर्ड्स मिलकर 2027 में आगे के विकल्प पर चर्चा करेंगे।
एक साल पहले किया गया था ऐलान
आयरलैंड के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स की सीरीज का मई 2024 में ऐलान किया गया था। तब ऐसा माना गया था कि इस सीरीज को पाकिस्तान अपने घरेलू सीजन से पहले आयोजित करवा लेगा, लेकिन जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपना आधिकारिक शेड्यूल जारी किया, तो उसमें आयरलैंड के खिलाफ सीरीज सितंबर-अक्टूबर में खेलने की बात थी। अब पीसीबी की बेवसाइट पर इस सीरीज का शेड्यूल नहीं है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का शेड्यूल है काफी व्यस्त
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेल रही है। इसके ठीक बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम को यूएई में होने वाली ट्राई सीरीज में हिस्सा लेना है। ट्राई सीरीज में पाकिस्तान के अलावा अफगानिस्तान और यूएई की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके बाद पाकिस्तानी टीम एशिया कप 2025 में भाग लेगी। फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसकी दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी। इसी वजह से आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए संभावनाएं कम हो गईं।
दूसरी तरफ एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए पाकिस्तान का पूरा फोकस इस समय टी20 क्रिकेट पर है। पीसीबी ने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड से वनडे सीरीज की जगह टी20 मैच खेलने की मांग की थी, लेकिन विंडीज बोर्ड ने उसे ठुकरा दिया था। पीसीबी के इंटरनेशनल क्रिकेट विभाग ने ESPNक्रिकइंफो को बताया है कि हम संतुलन और बेहतर योजना बनाना चाहते थे। हमारे लिए मैचों को और आगे बढ़ाना ज्यादा समझदारी भरा था क्योंकि एशिया कप और फिर विश्व कप हमारे पास पहले से ही हैं।
यह भी पढ़ें:
500+ रनों का जादुई आंकड़ा, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत ने पहली बार किया ऐसा करिश्मा; 3 बल्लेबाज बने हीरो
IND vs PAK के बीच इस ग्राउंड में होगी एशिया कप 2025 में भिड़ंत, ACC ने किया बड़ा ऐलान
Latest Cricket News