SRH vs RR: IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के युवा तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। SRH कप्तान पैट कमिंस ने खुलासा किया है कि उनकी टीम ने 15 साल के बल्लेबाज के खिलाफ सिर्फ एक नहीं, बल्कि प्लान A, प्लान B और प्लान C तक तैयार कर रखे हैं। मुल्लांपुर में होने वाले इस नॉकआउट मुकाबले से पहले कमिंस ने स्वीकार किया कि वैभव जैसे बल्लेबाज कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदल सकते हैं, इसलिए उनके लिए खास रणनीति बनाना जरूरी है। गौरतलब है कि इसी सीजन जयपुर में वैभव सूर्यवंशी ने SRH के खिलाफ विस्फोटक शतक जड़ा था और हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी।
वैभव के खिलाफ 3 प्लान तैयार
जियोस्टार से बातचीत में कमिंस ने कहा कि एक गेंदबाज के तौर पर अपनी ताकत के अनुसार गेंदबाजी करना हमेशा महत्वपूर्ण होता है, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिनके खिलाफ अतिरिक्त तैयारी करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि एक गेंदबाज के रूप में हमेशा संतुलन बनाए रखना पड़ता है। आपको पता होना चाहिए कि आपकी ताकत क्या है और आप किस तरह गेंदबाजी करना चाहते हैं। लेकिन हर टीम में एक-दो ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो कुछ ही समय में मैच को विपक्ष से छीन सकते हैं। ऐसे खिलाड़ियों के लिए आपको थोड़ा ज्यादा समय देकर प्लान B और प्लान C पर भी काम करना पड़ता है। कमिंस ने आगे कहा कि हां, हम उसके लिए तैयारी करेंगे। पिछली बार उसने हमारे खिलाफ शतक लगाया था, लेकिन उन्हें लगा कि कुछ मौकों पर हमने उसे अच्छी गेंदबाजी की थी और शांत भी रखा था। हालांकि, कुछ समय ऐसा भी आया जब वह हम पर हावी हो गया। हम उस मैच से सीख लेकर आगे बढ़ेंगे।
राजस्थान पर दबदबा बनाए हुए है SRH
एलिमिनेटर मुकाबला नॉकआउट है और दोनों टीमें नए सिरे से शुरुआत करेंगी, लेकिन कमिंस का मानना है कि इस सीजन राजस्थान के खिलाफ मिली सफलताएं उनकी टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएंगी। उन्होंने कह कि निश्चित रूप से हर मैच नई शुरुआत होती है, लेकिन आप पिछले मुकाबलों से सीख जरूर लेते हैं। हम उनसे इस सीजन दो बार खेल चुके हैं। हमने उनके कई खिलाड़ियों को करीब से देखा है। हमारे खिलाड़ी उन मैचों को याद कर सकते हैं जहां उन्हें सफलता मिली थी और उसी आत्मविश्वास के साथ फाइनल चरण में उतर सकते हैं। जिस टीम के खिलाफ आपको पहले सफलता मिली हो, उसके खिलाफ खेलना हमेशा अच्छा लगता है।
यह भी पढ़ें:
अब दो फेज में होगा आईपीएल! सितंबर- अक्टूबर में भी खेले जाएंगे मुकाबले, आखिर कब से होगा ये बदलाव
ICC Rankings: बांग्लादेश के खिलाड़ियों को बड़ा फायदा, आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में फिर से हुआ बदलाव
Latest Cricket News