1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI वर्ल्ड कप 2027 में दिखेगी घातक पेस तिकड़ी? डिफेंडिंग चैंपियन के हेड कोच ने दिया बड़ा संकेत

ODI वर्ल्ड कप 2027 में दिखेगी घातक पेस तिकड़ी? डिफेंडिंग चैंपियन के हेड कोच ने दिया बड़ा संकेत

ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने स्पष्ट किया है कि टीम मैनेजमेंट 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए अपनी अनुभवी तेज गेंदबाजी तिकड़ी पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड पर भरोसा बनाए हुए है।

australia- India TV Hindi
Image Source : PTI ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाजी तिकड़ी पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड इस समय चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट की चुनौतियों से जूझ रही है। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट को पूरा भरोसा है कि ये तीनों दिग्गज ODI वर्ल्ड कप 2027 में टीम का हिस्सा होंगे। ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने इस बारे में बड़ा बयान देकर भविष्य की रणनीति साफ कर दी है।

ऑस्ट्रेलिया की पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज में यह स्टार पेस तिकड़ी शामिल नहीं है। दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इन खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम दे रहा है, ताकि वे आने वाले सालों में पूरी तरह फिट रह सकें। मैकडोनाल्ड ने खुलासा किया कि तीनों खिलाड़ी इन सीरीज में खेलने के इच्छुक थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें आराम देने का फैसला किया।

तीनों गेंदबाजों को फिट रखना बड़ी चुनौती

मैकडोनाल्ड ने कहा कि उन्हें लगता है कि लोग मौजूदा मैचों को देखते हैं और कहते हैं- अच्छा, वे वहां क्यों नहीं खेल रहे हैं? उन्होंने आगे कहा कि लेकिन अगर आप 2027 से पीछे की ओर देखें और आने वाले शेड्यूल पर नजर डालें, तो यह हमारे लिए आखिरी बड़ा ब्रेक है जिसमें हम उनके शरीर पर काम कर सकते हैं, ताकि वे 2027 तक पूरी तरह फिट रह सकें। हम योजना बना रहे हैं कि वे 2027 में वहां मौजूद रहें। ऑस्ट्रेलियाई कोच ने माना कि अगले दो सालों तक इस तिकड़ी को फिट रखना आसान नहीं होगा, लेकिन इसके लिए खिलाड़ियों को समय-समय पर आराम देना बेहद जरूरी है।

मैकडोनाल्ड ने कहा कि उन्हें लगता है कि लोगों को हमारे काम करने के तरीके पर भरोसा रखना होगा ताकि हम उन्हें वहां तक पहुंचा सकें। यह एक बड़ी चुनौती होने वाली है, खासकर हमारी शानदार स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल टीम के लिए, जिन्होंने लंबे समय से बेहतरीन काम किया है।

तीनों के खेलने का अभी सही समय नहीं

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि एक गलतफहमी है कि खिलाड़ी खुद तय करते हैं कि उन्हें कौन सी सीरीज खेलनी है और कौन सी नहीं। ये फैसले भविष्य के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए लिए जाते हैं और खिलाड़ी इन्हें नहीं चुनते। हम उनके साथ मिलकर काम करते हैं। ये खिलाड़ी खेलना चाहते हैं। लेकिन हमें नहीं लगता कि अभी उनके खेलने का सबसे सही समय है।

गौरतलब है कि तीनों तेज गेंदबाज IPL 2026 का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, मिचेल स्टार्क का अभियान दिल्ली कैपिटल्स के लीग चरण से बाहर होने के साथ समाप्त हो गया। स्टार्क का वर्कलोड क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा मैनेज किया जा रहा था, जबकि कमिंस पीठ की स्ट्रेस इंजरी से उबर रहे थे। वहीं हेजलवुड हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान रहे हैं। मैकडोनाल्ड ने 2023 वर्ल्ड कप का उदाहरण देते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया पहले भी इस तरह की स्थिति को सफलतापूर्वक संभाल चुका है। उन्होंने कहा कि हमने 2023 में भी ऐसा किया था।

यह भी पढ़ें:

विराट कोहली से भिड़ने के बाद ट्रैविस हेड की फैमिली तक पहुंचे हेट मैसेज, वाइफ जेसिका ने सुनाई आपबीती

IPL 2026 Points Table: अंक तालिका में फिर से उलटफेर, आरसीबी ने किया टॉप पर कब्जा, गुजरात टाइटंस को नुकसान

Latest Cricket News