A
Hindi News खेल क्रिकेट इस खिलाड़ी के दम पर श्रीलंका ने जीती सीरीज, बना डाले इतने रन; मिले दो बड़े अवॉर्ड

इस खिलाड़ी के दम पर श्रीलंका ने जीती सीरीज, बना डाले इतने रन; मिले दो बड़े अवॉर्ड

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पथुम निसंका ने दमदार प्रदर्शन किया है और अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने सीरीज में दो शतक लगाए हैं।

Pathum Nissanka- India TV Hindi Image Source : AP पथुम निसंका

श्रीलंका क्रिकेट टीम ने दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश की टीम को पारी और 78 रनों से हरा दिया। इसी के साथ श्रीलंका ने टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज में लंकाई टीम के लिए पथुम निसंका सबसे बड़े हीरो साबित हुए। दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने बेहतरीन 158 रनों की पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

श्रीलंका ने बनाया बड़ा स्कोर

श्रीलंका के लिए दूसरे टेस्ट मैच में गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। निसंका और लाहिरू उड़ाना ने ओपनिंग करते हुए 88 रनों की साझेदारी की और बड़े स्कोर की नींव रख दी। लाहिरू ने 40 रनों का योगदान दिया। उनके अलावा दिनेश चांदीमल ने 93 रनों की पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिंस ने 84 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही लंकाई टीम ने पहली पारी में 458 रन बनाए।

बांग्लादेश के बल्लेबाज बुरी तरह से हुए फ्लॉप

दूसरी तरफ बांग्लादेश की टीम ने पहली पारी में सिर्फ 247 रन बनाए थे। इस तरह से पहली पारी के आधार पर लंका को 211 रनों की अहम बढ़त मिल गई, जो जीत में निर्णायक साबित हुई। पहली पारी की तरह ही दूसरी पारी में भी बांग्लादेश के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। टीम के लिए मुश्फिकुर रहीम ने सबसे ज्यादा 26 रनों का योगदान दिया। बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से पूरी टीम सिर्फ 133 रनों पर सिमट गई और उसे हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका के लिए दूसरी पारी में प्रभात जयसूर्या ने पांच विकेट हासिल किए। उनके आगे बांग्लादेश के बल्लेबाज टिक नहीं पाए।

निसंका ने सीरीज में लगाए दो शतक

पथुम निसंका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 187 रनों की पारी खेली थी, तब वह सिर्फ 13 रनों से दोहरे शतक से चूक गए थे। फिर दूसरी पारी में उन्होंने 24 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने दमदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया और 158 रन बनाए। इस तरह से सीरीज में उन्होंने 369 रन ठोके। दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला।

Latest Cricket News