1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लगातार दूसरी जीत में पंजाब पर गिरी गाज, कप्तान सहित प्लेइंग XI खिलाड़ी और इम्पैक्ट प्लेयर पर हुआ एक्शन

लगातार दूसरी जीत में पंजाब पर गिरी गाज, कप्तान सहित प्लेइंग XI खिलाड़ी और इम्पैक्ट प्लेयर पर हुआ एक्शन

IPL 2026 में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की, लेकिन इसके बाद टीम को बड़ा झटका लगा।

Shreyas Iyer- India TV Hindi
Image Source : AFP श्रेयस अय्यर

IPL 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने वाली पंजाब किंग्स को तगड़ा झटका लगा है। जहां एक ओर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को हराया, वहीं दूसरी ओर स्लो ओवर रेट की गलती के चलते टीम को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कप्तान श्रेयस अय्यर पर तगड़ा जुर्माना लगाया गया है। पंजाब किंग्स का इस सीजन यह दूसरा स्लो ओवर रेट का मामला था। इसी वजह से कप्तान श्रेयस अय्यर पर भारी जुर्माना लगाया गया है। स्लो ओवर की सजा पूरी प्लेइंग इलेवन को मिली है। यही नहीं, इसमें इम्पैक्ट प्लेयर भी शामिल है।

दरअसल, IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत स्लो ओवर रेट के उल्लघंन से संबंधित उनकी टीम का मौजूदा सीजन में दूसरा उल्लघंन था, तो इसी वजह से कप्तान पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इम्पैक्ट खिलाड़ी सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी प्लेयर्स पर या तो 6 लाख रुपए या उनकी संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) का जुर्माना लगा। क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। अगर इस सीजन पंजाब स्लो ओवर रेट की गलती फिर से करती है, तो अय्यर पर 1 मैच का बैन लगेगा और 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। 

पंजाब ने चेन्नई को चटाई धूल

अगर मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने शानदार खेल दिखाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर सीजन की दूसरी लगातार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 22 गेंदों में 28 रन बनाए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 96 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा सरफराज खान ने 12 गेंदों में 32 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि शिवम दुबे 27 गेंदों में 45 रन बनाकर नाबाद लौटे।

अय्यर ने खेली कप्तानी पारी

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने आक्रामक बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया और महज 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 29 गेंदों में शानदार 50 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 43 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इस जीत की खुशी पर स्लो ओवर रेट का जुर्माना भारी पड़ गया। अब पंजाब किंग्स को आने वाले मैचों में न सिर्फ जीत की लय बनाए रखनी होगी, बल्कि ओवर रेट पर भी खास ध्यान देना होगा, ताकि आगे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें:

CSK vs PBKS: अच्छी बल्लेबाजी के बावजूद क्यों हार गई CSK, जानिए कप्तान ने किस पर फोड़ा हार का ठीकरा

DC vs MI: दिल्ली का मौसम कर सकता है मुकाबले का मजा किरकिरा, मैच के दौरान ऐसी है वेदर रिपोर्ट

Latest Cricket News