1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PBKS vs MI: अगर बारिश की वजह से धुला क्वालीफायर-2 मैच, तो फिर ये टीम सीधे फाइनल में करेगी एंट्री

PBKS vs MI: अगर बारिश की वजह से धुला क्वालीफायर-2 मैच, तो फिर ये टीम सीधे फाइनल में करेगी एंट्री

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर में गुजरात टाइटंस की टीम को 20 रनों से शिकस्त देकर क्वालीफायर-2 में एंट्री की है। अब उसका सामना पंजाब किंग्स की टीम से होगा।

पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें- India TV Hindi
Image Source : GETTY पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें

Punjab Kings vs Mumbai Indians: IPL 2025 का कारवां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जहां आरसीबी की टीम शानदार तरीके से फाइनल में पहुंच गई है। वहीं पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच क्वालीफायर-2 मुकाबला 1 जून को खेला जाएगा। दोनों टीमों में से जो भी टीम क्वालीफायर-2 जीतेगी। वह फाइनल में पहुंच जाएगी और खिताब के लिए आरसीबी से भिड़ेगी और हारने वाली टीम का टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

अहमदाबाद में खेला जाएगा क्वालीफायर-2 का मुकाबला

पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच क्वालीफायर-2 मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसका टॉस आधे घंटे पहले होगा। एक्यूवेदर बेवसाइट के मुताबिक अहमदाबाद में एक जून को शाम में बारिश की संभावना 40 प्रतिशत तक है और बादल भी छाए रहने की उम्मीद है। ऐसे में अगर बारिश तेज होती है, तो सबसे पहले अंपायर चाहेंगे कि किसी तरह से मैच हो जाए। या दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर का ही मैच खेला जा सके, जिससे नतीजा निकल सके। अगर ऐसा भी संभव नहीं होता है, तो फिर मैच को रद्द कर दिया जाएगा।

मैच रद्द होने पर पंजाब किंग्स को फायदा

क्वालीफायर-2 के लिए आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की तरफ से कोई भी रिजर्व डे नहीं रखा गया है। मैच रद्द होने की स्थिति में पंजाब किंग्स की टीम सीधे फाइनल के लिए एंट्री कर लेगी। आईपीएल के नियम के मुताबिक प्लेऑफ के मैच रद्द होने की स्थिति में प्वाइंट्स टेबल में (लीग स्टेज खत्म होने के बाद) ऊपर रहने वाली टीम अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर जाती है।

प्वाइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस से आगे रही थी पंजाब किंग्स की टीम

आईपीएल 2025 का लीग स्टेज खत्म होने के बाद पंजाब किंग्स की टीम प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर रही थी। उसने 14 मैच खेलकर 9 में जीत दर्ज की थी। 0.372 नेट रन रेट के साथ उसके 19 अंक थे। वहीं दूसरी तरफ लीग स्टेज खत्म होने के बाद मुंबई इंडियंस की टीम चौथे नंबर पर रही थी। उसने कुल 8 मुकाबले ही जीते थे। 16 अंकों के साथ उसका नेट रन रेट 1.142 रहा था।

Latest Cricket News