1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PBKS vs RR मैच में क्यों नहीं खेल रहे शशांक सिंह? जानिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्या कहा

PBKS vs RR मैच में क्यों नहीं खेल रहे शशांक सिंह? जानिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्या कहा

IPL 2026 में 28 अप्रैल को पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में पंजाब की ओर से शशांक सिंह नहीं खेल रहे हैं।

Shashank Singh- India TV Hindi
Image Source : AFP शशांक सिंह

PBKS vs RR: IPL 2026 के 40वें मैच में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में शशांक सिंह नहीं खेल रहे हैं, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब ने अपनी टीम में दो बदलाव किए, जिससे फैंस हैरान रह गए। पंजाब किंग्स ने इस अहम मुकाबले के लिए शशांक सिंह और जेवियर बार्टलेट को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा। उनकी जगह सूर्यांश शेडगे और लॉकी फर्ग्यूसन को मौका दिया गया। इस सीजन में शानदार फॉर्म में चल रही पंजाब टीम अब तक अजेय रही है। टीम ने 6 मैच जीते हैं और एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। ऐसे में टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहती है।

क्यों नहीं खेल रहे शशांक?

टॉस के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने शशांक को बाहर रखने की वजह का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव मजबूरी में किया गया है, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि खिलाड़ी चोटिल हैं या बीमार। उन्होंने कहा कि सूर्यांश शेडगे आज शशांक की जगह टीम में आए हैं और दूसरा बदलाव यह है कि लॉकी फर्ग्युसन को जेवियर बार्टलेट की जगह टीम में शामिल किया गया है।

इस दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला, जब श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम की ओर से वह अजमत और उनके परिवार के प्रति उनकी इस क्षति पर अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करना चाहते हैं। हम हर अच्छे-बुरे समय में उनके साथ हैं।

राजस्थान ने जीता टॉस

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। राजस्थान ने भी अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। दासुन शनाका को शिमरोन हेटमायर की जगह शामिल किया गया, जबकि यश पुंजा ने रवि बिश्नोई की जगह ली। टॉस के दौरान रियान ने कहा कि टीम में दो बदलाव हैं। हेटमायर बाहर बैठे हैं, दासुन शनाका टीम में आए हैं। और एक और बदलाव है। बिश्नोई बाहर गए हैं और यश पुंजा अंदर आए हैं।

गौरतलब है कि शशांक सिंह का बाहर होना भले ही फैंस के लिए चौंकाने वाला रहा, लेकिन कप्तान के मुताबिक यह मजबूरी में लिया गया फैसला है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नए खिलाड़ी इस मौके का कितना फायदा उठा पाते हैं और पंजाब अपनी जीत की लय बरकरार रख पाती है या नहीं।

राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग XI: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, ब्रिजेश शर्मा, नंद्रे बर्गर, यश पुंजा।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग XI: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

Latest Cricket News