1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान टीम के कोचिंग स्टाफ में हुआ बड़ा बदलाव, PCB ने नए हेड कोच के नाम किया ऐलान

पाकिस्तान टीम के कोचिंग स्टाफ में हुआ बड़ा बदलाव, PCB ने नए हेड कोच के नाम किया ऐलान

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने महिला टी20 एशिया कप से पहले टीम के नए हेड कोच के नाम का ऐलान कर दिया है, जिसमें उन्होंने मुहम्मद वसीम को नई जिम्मेदारी इससे पहले उन्होंने टीम के लिए मुख्य चयनकर्ता की भी जिम्मेदारी को संभाला है।

Pakistan Cricket Team Fans- India TV Hindi
Image Source : GETTY पाकिस्तान क्रिकेट टीम के फैंस

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में आए दिन कई नए बदलाव देखने को मिलते रहते हैं, जिसमें हाल में ही टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खराब प्रदर्शन कर घर पर लौटी पाकिस्तान पुरुष टीम पर पीसीबी द्वारा लिए जाने वाले एक्शन पर सभी की नजरें टिकी हुईं हैं तो वहीं बोर्ड ने इसी बीच महिला क्रिकेट टीम के नए हेड कोच के नाम का ऐलान कर दिया है। श्रीलंका में 19 जुलाई से महिला टी20 एशिया कप का आगाज होना है जो इस साल बांग्लादेश की मेजबानी में खेले जाने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम की तैयारियों के नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। पीसीबी ने नए हेड कोच के रूप में मुहम्मद वसीम को जिम्मेदारी सौंपी है जो इससे पहले पीसीबी के पूर्व अध्यक्ष रमीज राजा के कार्यकाल के दौरान मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी को संभाल रहे थे।

मुहम्मद वसीम के अलावा सपोर्ट स्टाफ में रहेंगे ये सदस्य

पीसीबी ने मुहम्मद वसीम को जहां पाकिस्तान महिला टीम के नए हेड कोच के रूप में नियुक्त किया है तो वहीं उन्होंने पूर्व टेस्ट गेंदबाज जुनैद खान को गेंदबाजी जबकि अब्दुल रहमान को सहायक कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। पाकिस्तान महिला टीम का पिछले कुछ सालों में मैदान पर कोई खास प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है, जिसके चलते टीम के कोचिंग स्टाफ में बदलाव की मांग जा रही थी। आगामी महिला टी20 एशिया कप में पाकिस्तान की टीम को अपना पहला ही मुकाबला भारत के खिलाफ खेलना है जो दाम्बुला के मैदान पर खेला जाएगा।

महिला एशिया कप में पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में भारत के साथ

महिला टी20 एशिया कप में पाकिस्तान की टीम को ग्रुप ए में जगह मिली है, जिसमें उसे भारत के खिलाफ जहां 19 जुलाई को अपना पहला मुकाबला खेलना है तो उसके बाद वह 21 जुलाई को नेपाल की टीम के खिलाफ दूसरा मैच जबकि ग्रुप स्टेज में टीम को अपना आखिरी मुकाबला 23 जुलाई को यूएई की टीम के खिलाफ खेलना है। पीसीबी की महिला टीम की चयन समिति इस टूर्नामेंट के लिए टीम का ऐलान अगले जुलाई महीने के पहले सप्ताह में कर सकती है।

ये भी पढ़ें

सूर्यकुमार यादव से छिनी नंबर वन की कुर्सी, आईसीसी टी20 रैंकिंग में भयंकर उठापटक

हार्दिक पांड्या का बड़ा कारनामा, आईसीसी रैंकिंग में लगाई इतनी लंबी छलांग

Latest Cricket News