1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पीएम मोदी ने चेतेश्वर पुजारा को लिखा पत्र, कहा– आपने टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती की याद दिलाई

पीएम मोदी ने चेतेश्वर पुजारा को लिखा पत्र, कहा– आपने टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती की याद दिलाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा की सराहना करते हुए लिखा कि उनकी शैली टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती की याद दिलाती थी।

Cheteshwar Pujara- India TV Hindi
Image Source : PTI चेतेश्वर पुजारा

हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने वाले भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र लिखकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। पुजारा ने पिछले रविवार को अपने 103 टेस्ट मैचों के शानदार करियर को अलविदा कहा था। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि छोटे प्रारूपों के दबदबे वाले दौर में पुजारा की बल्लेबाजी ने हमेशा टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती को जीवंत रखा। उनकी अडिग एकाग्रता और धैर्य ने उन्हें भारतीय बल्लेबाजी क्रम का मजबूत स्तंभ बनाया।

PM ने पुजारा को सराहा

पुजारा ने यह पत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री को उनके प्रेरणादायी शब्दों के लिए धन्यवाद दिया। मोदी ने अपने संदेश में खासतौर पर 2018 और 2021 में ऑस्ट्रेलिया में मिली ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीतों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पुजारा ने टीम इंडिया को मजबूती दी और सबसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमणों के सामने डटकर खड़े रहे।

प्रधानमंत्री ने यह भी लिखा कि ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टेस्ट मैचों को फैंस हमेशा याद रखेंगे, जहां पुजारा ने अपनी जुझारू बल्लेबाजी से भारत की ऐतिहासिक जीत की नींव रखी। मोदी ने पुजारा के घरेलू क्रिकेट के प्रति समर्पण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर होने के बावजूद पुजारा ने हमेशा सौराष्ट्र और विदेशी लीग्स में फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने को प्राथमिकता दी। इससे उनका खेल के प्रति जुनून और प्रतिबद्धता झलकती है। प्रधानमंत्री ने आगे लिखा कि सौराष्ट्र क्रिकेट से पुजारा का गहरा जुड़ाव और राजकोट को क्रिकेट के नक्शे पर लाने में उनका योगदान युवाओं के लिए गर्व का विषय है।

पुजारा ने जताया आभार

प्रधानमंत्री के इस पत्र का जवाब देते हुए पुजारा ने कहा कि उन्हें यह सम्मान पाकर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने लिखा कि वह अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करते हुए मैदान पर बिताए हर पल और देशवासियों के प्यार व सम्मान को हमेशा संजोकर रखेंगे।

(PTI Inputs)

Latest Cricket News