A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. प्रीति जिंटा ने आधी रात सोशल मीडिया पर लगाई जमकर फटकार, पंजाब किंग्स हारी है चार लगातार मैच

प्रीति जिंटा ने आधी रात सोशल मीडिया पर लगाई जमकर फटकार, पंजाब किंग्स हारी है चार लगातार मैच

प्रीति जिंटा ने आधी रात को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, जिसने सनसनी सी मचा दी है। पंजाब किंग्स की टीम शानदार आगाज के बाद अपने लगातार चार मैच हार चुकी है। इसके बाद तरह तरह की बातें की जा रही थीं।

preity zinta and shreyas iyer- India TV Hindi
Image Source : AP प्रीति ​जिन्टा और श्रेयस अय्यर

प्रीति जिंटा भड़की हुई हैं। आधी रात को उन्होंने सोशल मीडिया पर जो कुछ भी लिखा है, उसके बहुत सारे मायने निकाले जा रहे हैं। पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल में अभी कुछ ही दिन पहले तक पहले नंबर पर चल रही थी, लेकिन अचानक ना जाने क्या हुआ कि टीम अपने लगातार चार मैच हार गई और अब प्लेऑफ में जाने के लिए संघर्ष कर रही है। इस बीच प्रीति ​जिंटा ने जमकर फटकार लगाई है, जो टीम को नुकसान पहुंचा रहे हैं। 

पंजाब किंग्स ने की भी इस साल के आईपीएल की शानदार शुरुआत

पंजाब किंग्स ने इस साल के आईपीएल में कमाल की शुरुआत की थी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम विजय रथ पर सवार थी और ये माना जा रहा था कि पंजाब को हराना अब काफी मुश्किल काम है। लेकिन अचानक सब कुछ बदल गया। पंजाब किग्स ने अपने पहले छह मैच लगातार जीत लिए थे। एक मैच केकेआर के खिलाफ बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था। यानी पहले सात मैच में ही पंजाब ने 13 अंक हासिल कर लिए थे। टीम पहले नंबर पर काबिज थी और माना जा रहा था कि पंजाब तो प्लेऑफ में पहुंच ही जाएगी। सवाल ये है कि टीम पहले नंबर प​र फिनिश करेगी या फिर दूसरे नंबर पर रहेगी। इस बीच राजस्थान रॉयल्स से टीम हार गई। इसक बाद जो सिलसिला शुरू हुआ, वो जारी है। टीम अपने चार मैच हार चुकी है और अभी तक 13 अंक पर ही रुकी हुई है। ये बात और है कि टीम अभी टॉप 4 मे हैं, लेकिन एक और हार टीम को काफी नीचे ले जा सकती है। 

सोशल मीडिया पर प्रीति जिन्टा ने क्या लिखा

इस बीच टीम को लेकर सोशल मीडिया पर तरह तरह की बातें की गई। किसी खिलाड़ी के वजन बढ़ने बात की गई तो ये भी कहा गया कि कप्तान श्रेयस अय्यर से खिलाड़ी नाराज हैं और टीम में आपस में अनबन है। ​कोई खिलाड़ी अगर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दिखाई दिया तो उसे भी बढ़ाचढ़ाकर पेश किया गया। पिछले करीब एक सप्ताह से ये सब चल रहा है। इसके बाद अब प्रीति जिन्टा का पारा चढ़ गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि आलोचना और एक सोची समझी गलत जानकारी में फर्क होता है। खेल को लेकर अगर कोई बात करनी है तो उसका स्वागत है, लेकिन किसी व्यक्ति, टीम या फिर ब्रांड को नुकसान पहुंचाने की सोची समझी साजिश को हल्के में नहीं लिया जाएगा। बहुत सारी झूठी बातें फैलाई जा रही हैं। इसके बाद प्रीति जिन्टा ने लिखा है कि मीडिय प्रोफेशनल्स से वे अनुरोध करती हैं कि जो जानकारी वेरिफाइड हो उसे ही बढ़ावा दें, साथ ही अपनी जिम्मेदारी भी समझें। 

पंजाब का अगला अगला मुकाबला अब मुंबई इंडियंस से होगा

प्रीति जिन्टा का ये पोस्ट 13 तारीख यानी बुधवार को देर रात एक बजकर आठ मिनट पर किया गया था। इससे समझ आता है कि प्रीति कितनी नाराज हैं। मंगलवार रात को तो पंजाब ​किंग्स का मैच भी नहीं था, इसके बाद भी अगर इतनी रात को पोस्ट किया जाता है तो इसकी गंभीरता को समझा जाना चाहिए। पंजाब किंग्स की टीम अब अपने अगले मैच में 14 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ उतरेगी, ये मैच भी धर्मशाला में खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस की टीम पहले ही टॉप 4 की रेस से बाहर है, ऐसे में पंजाब को ये मैच जीतना ही होगा। ताकि टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर सके। साथ ही सोशल मीडिया पर जो कुछ भी चल रहा है, उसका भी जवाब दिया जा सके। 

यह भी पढ़ें 

ऑरेंज कैप की रेस में नया ट्विस्ट, दो बल्लेबाजों के 500 से अधिक रन, वैभव सूर्यवंशी बाहर

IPL Points Table: गुजरात टाइटंस बनी नंबर वन टीम, दो को नुकसान, अंक तालिका में भयंकर उलटफेर

Latest Cricket News