श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल 2026 में एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। पंजाब किंग्स अभी भी अपने पहले आईपीएल खिताब के तलाश में है। पिछले सीजन अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताबी मुकाबले में उन्हें RCB के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस बीच आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले पंजाब के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने अपनी टीम के प्लेयर्स को ट्रॉफी जीतने के लिए गुरुमंत्र किया है।
ट्रॉफी जीतने के लिए प्लेयर्स को रहना होगा फिट
रिकी पोंटिंग ने इस सीजन की शुरुआत से पहले अपनी टीम के प्लेयर्स को एक बड़ी सलाह दी है। पोंटिंग ने कहा है कि अच्छा प्रदर्शन करने और ट्रॉफी जीतने के लिए खिलाड़ियों को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से आपको चुस्त रहना होगा, साथ ही साथ पिछले साल के टीम के शानदार प्रदर्शन से कॉन्फिडेंस लेना होगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से रिकी पोंटिंग ने कहा कि यह ट्रेनिंग है, यह तैयारी है। यह 31 तारीख को होने वाले पहले मैच के लिए खुद को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार करने के बारे में है। बता दें कि पंजाब किंग्स 31 मार्च को मुल्लानपुर में सीजन के अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी।
प्लेयर्स को प्लान के मुताबिक खेलने की जरूरत- पोंटिंग
पोंटिंग ने आगे कहा कि मैं चाहता हूं कि आप पीछे मुड़कर देखें और सोचें कि आपने पिछले साल इस टीम में क्या योगदान दिया और उसी ने हमें एक अच्छी टीम बनने में मदद की। इसके साथ ही उन्होंने अपने प्लेयर्स से ये भी कहा कि सभी को टीम के प्लान के हिसाब से खेलने की जरूरत है और ऐसा करते हुए उन्हें असफलता भी मिलती है तो इससे उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। पोंटिंग ने कहा हम सब गलतियां करते हैं। यह ठीक है। इस दौरान मुझसे भी गलतियां होंगी। आप सब भी गलतियां करेंगे, कैच छोड़ेंगे, खराब शॉट खेलेंगे, खराब ओवर फेंकेंगे, लेकिन जब तक आप अपने खेल की रणनीति पर कायम हैं, अगर आप कोई गलती करते हैं, तो मेरी नजर में वह गलती नहीं है। खेल में ऐसा होता रहता है, यह खेल का हिस्सा है।
पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 में किया था शानदार प्रदर्शन
आईपीएल 2025 में फाइनल मुकाबले को छोड़ दें तो बाकी के सीजन में पंजाब किंग्स का सफर शानदार रहा था। टीम ने पिछले सीजन के लीग स्टेज में अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर 19 पॉइंट्स हासिल किए थे और टेबल में टॉप पर रही थी। पिछले सीजन में PBKS के बल्लेबाजों का प्रदर्शन जबरदस्त रहा था। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 17 पारियों में 50.33 की औसत से 604 रन बनाए। वे टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे। अब इस सीजन अय्यर का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027: रोचक हो गई है अब जंग, क्या 2 बार की चैंपियन टीम हो जाएगी बाहर
आईपीएल मैच शुरू होने का सही वक्त नोट कीजिए, नहीं तो छूट जाएगा मुकाबला
Latest Cricket News