श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की काफी धमाकेदार अंदाज में शुरुआत की है, जिसमें उन्होंने अपने दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को उनके ही घर पर 5 विकेट से मात दी। इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम को 20 ओवर्स में 210 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा उन्होंने 18.4 ओवर्स में सिर्फ 5 विकेट के नुकसान पर कर लिया। पंजाब किंग्स को जीत दिलाने में उनके कप्तान श्रेयस अय्यर ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की जिसमें उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 50 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसी के साथ पंजाब किंग्स ने प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाते हुए सीधे पहले नंबर पर कब्जा कर लिया है।
पंजाब किंग्स पहले नंबर पर, CSK का बुरा हाल
पंजाब किंग्स की टीम ने आईपीएल 2026 सीजन का अपना पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला था, जिसे वह तीन विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रहे थे। इसी के साथ अब उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच को ना सिर्फ 5 विकेट से अपने नाम किया बल्कि उसे 8 गेंदों पहले ही खत्म कर दिया। आईपीएल 2026 सीजन की अंकतालिका में पंजाब किंग्स की टीम अब 2 मैचों में 4 अंकों के साथ पहले नंबर पर काबिज है, जिसमें उसका नेट रनरेट 0.637 का है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को इस सीजन में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें प्वाइंट्स टेबल में उनकी हालत काफी खराब है और वह अंतिम पायदान पर है जिसमें उनका नेट रनरेट -2.562 का है।
आरसीबी तीसरे नंबर पर तो मुंबई इंडियंस 5वें स्थान पर
आईपीएल 2026 सीजन में 7 मैचों के बाद अंकतालिका में दूसरी टीमों की स्थिति को देखा जाए तो उसमें राजस्थान रॉयल्स दूसरे नंबर पर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीसरे नंबर पर तो वहीं इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस चौथे और पांचवें नंबर पर जिसमें इन सभी ने अब तक 1-1 मुकाबला खेला है और उनके 2-2 अंक हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम छठे नंबर पर है, जिसमें उनके 2 मैचों में 2 अंक है। अभी तक इस सीजन में सीएसके के अलावा गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जाएंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स अंकतालिका में अपना खाता खोलने में कामयाब नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़ें
CSK ने RCB को पीछे छोड़ हासिल की नंबर-1 की कुर्सी, IPL इतिहास में 36वीं बार किया ये कारनामा
CSK vs PBKS: आयुष म्हात्रे ने अर्धशतकीय पारी के दम पर किया बड़ा कारनामा, चेपॉक में ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी
Latest Cricket News