1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ETPL में राहुल द्रविड़ की टीम से जुड़े रविचंद्रन अश्विन, निभाएंगे कप्तान और मेंटर की भूमिका

ETPL में राहुल द्रविड़ की टीम से जुड़े रविचंद्रन अश्विन, निभाएंगे कप्तान और मेंटर की भूमिका

रविचंद्रन अश्विन IPL से रिटायरमेंट लेने के बाद दुनियाभर की लीगों में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। इस बीच अश्निन ETPL में डबलिन गार्डियंस से जुड़ गए हैं।

R Ashwin- India TV Hindi
Image Source : PTI आर अश्विन

पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन एक बार फिर एक्शन में होंगे। अश्विन यूरोप में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। अश्विन डबलिन गार्डियंस टीम से जुड़ गए हैं, जो यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग यानी ETPL के पहले सीजन में खेलती नजर आएगी। इस लीग में वह डबलिन टीम के कप्तान और मेंटर की भूमिका में होंगे। 

राहुल द्रविड़ की टीम से जुड़े अश्विन

39 साल के अश्विन ने 2025 सीजन के बाद IPL से रिटायरमेंट का ऐलान किया था और अभी वे USA में MLC 2026 में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेल रहे हैं। भारत के पूर्व कप्तान और T20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कोच राहुल द्रविड़ 6 टीमों वाली इस लीग में डबलिन फ्रैंचाइजी के मालिक हैं।

क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन की पार्टनरशिप से शुरू हुई इस लीग में डबलिन, बेलफास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रॉटरडैम और एम्स्टर्डम की टीमें शामिल हैं। यह यूरोप की पहली ICC से मंजूरी प्राप्त मल्टी-कंट्री फ्रैंचाइजी T20 लीग भी है।  ETPL 26 अगस्त से 20 सितंबर तक आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स में खेली जाएगी।

अश्विन के अलावा फाफ डुप्लेसिस के साथ हेनरिक क्लासेन, डोनोवन फरेरा और एनरिक नॉर्खिया भी लीग में शामिल होंगे। ये सभी खिलाड़ी रॉटरडैम डॉकर्स के लिए खेलते नजर आएंगे।  डुप्लेसिस और क्लासेन टीम के सह-मालिक हैं और डु प्लेसिस ही टीम की कप्तानी भी करेंगे। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज़ लुंगी एनगिडी, ग्लासगो कॉस्मिक के लिए खेलेंगे। उनके साथ तेज  गेंदबाज डुआन जानसन और स्पिनर केशव महाराज भी होंगे, जो अभी MLC में टेक्सास सुपर किंग्स के साथ हैं।  मार्श, एम्स्टर्डम फ्लेम्स के लिए स्मिथ के साथ खेलेंगे, जबकि मिचेल ओवेन रॉटरडैम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

लीग में दिखेंगे कई सितारे

न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों में मिचेल सैंटनर और ट्रेंट बोल्ट एडिनबर्ग कैसल रॉकरर्स में एक साथ खेलेंगे। सैंटनर इस फ्रैंचाइजी की कप्तानी भी करेंगे। वहीं, ओपनर फिन एलन ग्लासगो की टीम में होंगे। माइकल ब्रेसवेल एम्स्टर्डम का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ग्लासगो के कोच होंगे, जबकि जेम्स फॉस्टर एडिनबर्ग की जिम्मेदारी संभालेंगे। नीदरलैंड्स के स्कॉट एडवर्ड्स और बास डी लीड एम्स्टर्डम के लिए लोकल खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ग्लासगो के लिए लोकल खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे।

यह भी पढ़ें:

आयरलैंड में टीम इंडिया की हार पर भड़के अश्विन, कहा- हर विकेट IPL विकेट नहीं होता

ODI वर्ल्ड कप 2027 में दिखेंगे विराट कोहली और रोहित शर्मा? आर अश्विन ने बताई पूरी सच्चाई

Latest Cricket News