डेब्यू से पहले ही इस खिलाड़ी को बताया बुमराह और जहीर खान जैसा गेंदबाज, अश्विन ने ये क्या कह दिया?
भारत और इंग्लैंड चौथे टेस्ट में 23 जुलाई से आमने-सामने होंगे। मैनचेस्टर में खेले जाने वाले इस मैच से पहले अंशुल कंबोज को टीम इंडिया के स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज के बीच टीम इंडिया चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। जहां ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को चोट के चलते बचे हुए दोनों टेस्ट मुकाबलों से बाहर होना पड़ा है, वहीं तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने अंशुल कंबोज को टीम से जोड़ा है।
अब सबकी निगाहें मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट पर हैं, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या अंशुल को टेस्ट डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं। भले ही अंशुल कंबोज का अब तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं हुआ है, लेकिन भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने उनकी तेज गेंदबाजी कौशल की जमकर तारीफ की है। अश्विन ने उन्हें जसप्रीत बुमराह और जहीर खान जैसे समझदार और रणनीतिक गेंदबाजों की कैटेगिरी में रखा है।
अपने यूट्यूब शो ‘ऐश की बात’ में अश्विन ने कहा कि अंशुल न सिर्फ तकनीकी रूप से मजबूत है, बल्कि उसकी सबसे बड़ी खूबी ये है कि वह अपनी रणनीति को गहराई से समझता है। बहुत से तेज गेंदबाज बस यही कहते हैं कि वो खुद को अभिव्यक्त करना चाहते हैं, लेकिन अंशुल जानता है कि वह मैदान पर क्या करना चाहता है और कैसे करना है।
स्किल और रणनीति में माहिर अंशुल
अश्विन ने यह भी कहा कि उन्होंने अंशुल को IPL में गेंदबाजी करते हुए करीब से देखा है और उनकी लेंथ काफी सटीक है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वह स्किल की तुलना नहीं कर रहे हैं, लेकिन जिस तरह जहीर खान अपनी रणनीति पर अमल करते थे, वैसी ही समझ अंशुल में भी दिखती है। उन्होंने कहा कि जहीर खान जैसे गेंदबाज बहुत कम होते हैं जो अपनी योजना और रणनीति को मैदान पर लागू कर पाते थे। अंशुल भी इसी कैटेगिरी का खिलाड़ी लग रहा है। अगर उसे मैनचेस्टर टेस्ट में मौका मिलता है, तो भारत के पास शानदार पेस अटैक होगा।
पेस अटैक को दे सकते हैं धार
अर्शदीप सिंह की अनुपस्थिति में अगर अंशुल कंबोज को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो वह जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर जैसे गेंदबाजों के साथ भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दे सकते हैं। उनका चयन बतौर कवर खिलाड़ी हुआ है, लेकिन टीम मैनेजमेंट की रणनीति, हालात और पिच की कंडीशन को देखते हुए अंशुल को ड्रीम डेब्यू का मौका मिल सकता है।
