Zimbabwe vs New Zealand: जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में रचिन रवींद्र ने बिल्कुल वनडे जैसी पारी खेली। वहीं दूसरी ओर हेनरी निकोल्स भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। इस बीच न्यूजीलैंड ने मैच पर अपनी काफी मजबूत पकड़ बना ली है और जिम्बाब्वे पर एक बड़ी लीड भी उसे मिल गई है।
जिम्बाब्वे की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ बैकफुट पर
न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच जारी टेस्ट मैच अब करीब करीब एक तरफा हो गया है। जहां अपनी पहली पारी में जिम्बाब्वे ने केवल 125 रन बनाए थे, वहीं दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने केवल तीन विकेट के नुकसान पर ही 427 रन ठोक दिए हैं। इस तरह से देखा जाए तो न्यूजीलैंड की लीड अब 302 रन हो गई है और अभी पारी घोषित नहीं की गई है। जब दूसरे दिन टी ब्रेक हुआ, तब तक हेनरी निकोल्स 95 और रचिन रवींद्र 51 रन बनाकर नाबाद हैं।
हेनरी निकोल्स अपने शतक के बिल्कुल करीब
माना जाना चाहिए कि अभी न्यूजीलैंड के कप्तान पारी घोषित नहीं करेंगे। जब तक कि हेनरी निकोल्स का शतक पूरा नहीं हो जाता। उन्हें केवल पांच और रनों की जरूरत है। उधर रचिन रवींद्र बिल्कुल वनडे स्टाइल में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 52 बॉल पर 51 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 10 चौके लगाने का काम किया है। उनका स्ट्राइक रेट भी करीब 100 का है, जो टेस्ट में काफी अच्छा माना जाता है।
जिम्बाब्वे की अब होगी असली परीक्षा
इससे पहले डेवोन कॉनवे ने भी शानदार शतकीय पारी खेली। हालांकि वे 153 रन पर आउट हो गए। 150 का आंकड़ा पार करने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि कॉनवे अपना दूसरा दोहरा शतक भी पूरा करेंगे, लेकिन इससे पहले ही ब्लेसिंग मुजरबानी ने उनकी पारी का अंत कर दिया। अब नजर इस पर है कि न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर कब तक पारी घोषित करते हैं और कितनी जिम्बाब्वे की टीम आखिर इतने बड़े स्कोर का पीछा किस तरह से करती है।
Latest Cricket News