1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली के खास क्लब में शामिल हुए अफगानिस्तान के रहमत शाह, कप्तानी डेब्यू पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड

विराट कोहली के खास क्लब में शामिल हुए अफगानिस्तान के रहमत शाह, कप्तानी डेब्यू पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड

अफगानिस्तान के नए टेस्ट कप्तान रहमत शाह ने बांग्लादेश के खिलाफ अपने कप्तानी डेब्यू को यादगार बनाते हुए एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने पहली पारी में नाबाद 105 रन और दूसरी पारी में 51 रन बनाए।

Rahmat Shah AFG- India TV Hindi
Image Source : AFP रहमत शाह

किसी खिलाड़ी के लिए पहली बार टेस्ट कप्तानी संभालना बड़ी चुनौती होती है, लेकिन अफगानिस्तान के रहमत शाह ने इस जिम्मेदारी को यादगार बना दिया। बांग्लादेश के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में कप्तानी करते हुए रहमत ने पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाले दुनिया के छठे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले भारत के विराट कोहली भी अपने टेस्ट कप्तानी डेब्यू पर यह खास उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

शेख जायद स्टेडियम में खेले जा रहे अफगानिस्तान और बांग्लादेश के एकमात्र टेस्ट में रहमत ने पहली पारी में नाबाद 105 रन बनाए। उन्होंने 216 गेंदों का सामना किया। इसके बाद दूसरी पारी में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 124 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली। हालांकि, सोमवार को दूसरी पारी के दौरान वह इबादत हुसैन की गेंद पर विकेटकीपर लिटन दास को कैच दे बैठे। रहमत शाह को हशमतुल्लाह शाहिदी की जगह अफगानिस्तान की टेस्ट और ODI टीम का नया कप्तान बनाया गया है। कप्तानी की शुरुआत में ही दोनों पारियों में बड़ी पारियां खेलकर उन्होंने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया।

कोहली ने 2014 में किया था ऐसा कमाल

टेस्ट कप्तान के रूप में अपने पहले मैच की दोनों पारियों में शतक और 50 से अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में रहमत से पहले पांच दिग्गज शामिल थे। इंग्लैंड के आर्ची मैकलारेन इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने 1897 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में 109 और दूसरी पारी में नाबाद 50 रन बनाए थे।

इसके बाद न्यूजीलैंड के ज्यॉफ राबोन, ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल और जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर ने यह कारनामा किया। भारत के विराट कोहली इस सूची में शामिल होने वाले पांचवें खिलाड़ी थे। उन्होंने दिसंबर 2014 में एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार टेस्ट कप्तानी करते हुए पहली पारी में 115 और दूसरी पारी में 141 रन बनाए थे। दिलचस्प बात यह है कि कोहली और ग्रेग चैपल इस लिस्ट के ऐसे दो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने पहले टेस्ट में कप्तान के तौर पर दोनों पारियों में शतक लगाया था। रहमत अब इस खास सूची में शामिल होने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं।

अफगानिस्तान को जीत के लिए 347 रन की जरूरत

रिकॉर्ड बनाने के बावजूद रहमत शाह की टीम के सामने मैच जीतने की कठिन चुनौती है। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में 50 ओवर में तीन विकेट पर 132 रन बना लिए थे। टीम को पांचवें दिन जीत हासिल करने के लिए 347 रन और बनाने होंगे।

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक कोई भी टीम 420 रन से अधिक के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा नहीं कर सकी है। इस फॉर्मेट में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है, जिसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 418 रन का लक्ष्य हासिल किया था। ऐसे में अफगानिस्तान के लिए बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करना बड़ी चुनौती होगी।

यह भी पढ़ें:

न्यूजीलैंड दौरे से पहले टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, ऋषभ पंत इंडिया ए मैच से हुए बाहर

WPL में इतिहास रचने वाली तारा नॉरिस की वापसी, 2027 में MI के लिए मचाएंगी धमाल

Latest Cricket News