Rajsthan Royals: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की लगातार चौथी जीत के बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है। टीम के लंबे समय से जुड़े मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए कैमरे में कैद हो गए, जिसके बाद एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मामला गरमा गया है। यह घटना उस समय की है जब राजस्थान रॉयल्स ने 10 अप्रैल को गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया। मैच के दौरान टीवी कैमरों ने भिंडर को डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए दिखाया, जहां उनके पास युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी बैठे थे।
BCCI ने माना नियमों का उल्लंघन
BCCI के एक अधिकारी ने PTI से बातचीत में पुष्टि की कि यह प्लेयर और मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। नियमों के मुताबिक, मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल पूरी तरह से बैन है। IPL के आधिकारिक नियम भी साफ कहते हैं कि टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में फोन का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन डगआउट में नहीं।
क्या हो सकती है सजा?
रोमी भिंडर से उम्मीद की जाती है कि उन्हें इन नियमों की पूरी जानकारी हो। ऐसे में इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह गलती अनजाने में हुई हो सकती है, लेकिन फिर भी यह नियमों का उल्लंघन है। अब यह तय करना मैच रेफरी और एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा कि उन्हें चेतावनी दी जाएगी या फिर मैच बैन जैसी सख्त कार्रवाई होगी। इस मामले ने इसलिए भी ध्यान खींचा है क्योंकि मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी ने रोमी भिंडर को अपना लोकल गार्जियन बताया था। ऐसे में अब इस पूरे घटनाक्रम पर और भी बारीकी से नजर रखी जा सकती है।
IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में एंटी-करप्शन नियमों को लेकर सख्ती बरती जाती है और इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े विवाद का रूप ले सकती है। गौरतलब है कि IPL 2026 में अब तक 18 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें राजस्थान रॉयल्स सबसे ज्यादा 4 जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। राजस्थान के 8 पॉइंट हैं। टीम का अगला मुकाबला 13 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
यह भी पढ़ें:
CSK vs DC: अंपायर से भिड़ने की नितीश राणा को मिली इतनी बड़ी सजा, ऋतुराज गायकवाड़ को भी लगा तगड़ा झटका
VIDEO: ग्लव्स बदलने से रोका, तो अंपायर पर भड़के नितीश राणा, स्टब्स ने गुस्से में पटका हेलमेट
Latest Cricket News