1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आईपीएल चैंपियन कप्तान ने दलीप ट्रॉफी में ठोका धमाकेदार शतक, चौके और छक्कों की लगा दी झड़ी

आईपीएल चैंपियन कप्तान ने दलीप ट्रॉफी में ठोका धमाकेदार शतक, चौके और छक्कों की लगा दी झड़ी

Rajat Patidar: दलीप ट्रॉफी का आगाज हो चुका है। पहले ही दिन सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार शतक लगाने का काम किया है।

rajat patidar- India TV Hindi
Image Source : GETTY रजत पाटीदार

Rajat Patidar Century: भारत में दलीप ट्रॉफी का आगाज हो चुका है। इस दौरान कई इंटरनेशनल और डोमेस्टिक प्लेयर्स इसमें हिस्सा ले रहे हैं। दलीप ट्रॉफी टीम इंडिया में एंट्री का एक रास्ता है, जिसका भरपूर फायदा खिलाड़ी उठाने की कोशिश करते हैं। इस बीच आईपीएल में अपनी कप्तानी में आरसीबी को खिताब जिताने वाले रजत पाटीदार ने शानदार शतक लगाने का काम किया है। 

सेंट्रल जोन के दो बल्लेबाजों ने लगाई सेंचुरी

दलीप ट्रॉफी में रजत पाटीदार सेंट्रल जोन की कप्तानी कर रहे हैं। टीम का पहला मुकाबला गुरुवार से नार्थ ईस्ट जोन के खिलाफ शुरू हो गया है। सेंट्रल जोन की बात की जाए तो उनका पहला विकेट जल्दी गिर गया। तब टीम का स्कोर केवल चार ही रन था। कप्तान रजत पाटीदार नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और बेहतरीन अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी। तीसरे नंबर पर आए दानिश मालेवार ने पहले अपनी सेंचुरी पूरी की और उसके बाद रजत ने भी खास मुकाम छू लिया। 

धमाकेदार अंदाज में लगाए चौके और छक्के

रजत पाटीदार के शतक की खास बात ये रही कि उन्होंने धीमी नहीं, बल्कि आक्रामक अंदाज में बिल्कुल वनडे स्टाइल की बल्लेबाजी की। जब वे 111 रन बनाकर नाबाद थे, तब तक उन्होंने केवल 85 बॉल का ही सामना किया था। इस दौरान उनके बल्ले से 20 चौके और दो छक्के लगाने का काम किया। उनका स्ट्राइक रेट 130 के करीब का रहा। अक्सर रेड ​बॉल क्रिकेट में ऐसा स्ट्राइक रेट कम ही देखने के लिए मिलता है। 

अब तक टीम इंडिया के लिए तीन टेस्ट और एक वनडे खेल चुके हैं रजत

रजत पाटीदार ने अब तक भारत के लिए तीन टेस्ट और एक वनडे मुकाबला खेला है। हालांकि अब वे टीम से बाहर हैं। यहां तक कि टी20 टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिल पाई है। भारत के लिए तीन टेस्ट खेलकर रजत ने 63 रन बनाए हैं। वहीं एक वनडे में उनके नाम 22 रन दर्ज हैं। अभी रजत पाटीदार के पास मौका है कि वे एक बड़ी पारी खेलकर टीम इंडिया में एंट्री की दावेदारी पेश करें। 

Latest Cricket News