1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रविचंद्रन अश्विन सिर्फ एक मैच खेलकर MLC 2026 से बाहर, टीम ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

रविचंद्रन अश्विन सिर्फ एक मैच खेलकर MLC 2026 से बाहर, टीम ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अश्विन दाएं घुटने की चोट के कारण मेजर लीग क्रिकेट यानी MLC 2026 से बाहर हो गए हैं।

R Ashwin- India TV Hindi
Image Source : PTI रविचंद्रन अश्विन

भारतीय दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के लिए मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 का सफर समय से पहले ही समाप्त हो गया है। दाएं घुटने में चोट लगने के कारण उन्हें टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर होना पड़ा है। उनकी फ्रेंचाइजी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए उनके स्थान पर अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पीटर सिडल को टीम में शामिल करने का ऐलान किया है। यह खबर यूनिकॉर्न्स के लिए भी बड़ा झटका है, क्योंकि टीम इस समय पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर है और टूर्नामेंट के निर्णायक दौर में प्रवेश करने वाली है।

सिर्फ एक मैच खेल सके अश्विन

MLC 2026 में अश्विन को ज्यादा मौके नहीं मिले। उन्होंने इस सीजन केवल एक मैच खेला, जो 20 जून को डलास में टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ था। उस मुकाबले में उन्होंने दो ओवर गेंदबाजी की और 24 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके। इसके बाद चोट के कारण वह टीम से बाहर हो गए और अब पूरे टूर्नामेंट से ही बाहर होने की पुष्टि हो गई है।

अश्विन की जगह ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज पीटर सिडल को टीम में शामिल किया गया है। सिडल इससे पहले भी इस सीजन में जेवियर बार्टलेट और एरॉन हार्डी की गैरमौजूदगी में यूनिकॉर्न्स के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था, जिसके चलते फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

अश्विन ने जताया आभार

टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अश्विन ने फ्रेंचाइजी द्वारा जारी बयान में कहा कि सीजन को बीच में छोड़ना मेरे लिए निराशाजनक है, लेकिन दुर्भाग्य से इस चोट के कारण यही सही फैसला है। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ बिताया समय उन्हें हमेशा याद रहेगा। वह पूरे टूर्नामेंट में अपनी टीम का समर्थन करते रहेंगे। अपने साथियों, कोचिंग स्टाफ, फ्रेंचाइजी और सभी प्रशंसकों का उनके शानदार सहयोग के लिए धन्यवाद।

अश्विन की गैरमौजूदगी के बावजूद सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स का प्रदर्शन शानदार रहा है। कप्तान मैट शॉर्ट इस सीजन टीम के सबसे सफल गेंदबाज बनकर उभरे हैं। उनके साथ युवा लेग स्पिनर अनिरुद्ध इमैनुएल और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हसन खान ने स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभाली है। यूनिकॉर्न्स ने शुरुआती आठ मैचों में पांच जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया हुआ है।

अब ETPL पर होगी नजर

MLC से बाहर होने के बाद अब अश्विन की नजर अपने अगले असाइनमेंट पर होगी। वह इस साल शुरू होने वाली यूरोपियन  T20 प्रीमियर लीग यानी ETPL के पहले संस्करण में डबलिन गार्डियंस की कप्तानी और मेंटर की भूमिका निभाएंगे। यह 6 टीमों का टूर्नामेंट 26 अगस्त से 20 सितंबर के बीच आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स में खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:

ETPL में राहुल द्रविड़ की टीम से जुड़े रविचंद्रन अश्विन, निभाएंगे कप्तान और मेंटर की भूमिका

आयरलैंड में टीम इंडिया की हार पर भड़के अश्विन, कहा- हर विकेट IPL विकेट नहीं होता

Latest Cricket News