A
Hindi News खेल क्रिकेट सिर्फ 10 रन और 3 छक्के जड़ते ही रवींद्र जडेजा रच देंगे इतिहास, सचिन तेंदुलकर भी छूट जाएंगे पीछे

सिर्फ 10 रन और 3 छक्के जड़ते ही रवींद्र जडेजा रच देंगे इतिहास, सचिन तेंदुलकर भी छूट जाएंगे पीछे

IND vs SA: साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में रवींद्र जडेजा के पास कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम करने का मौका होगा। गेंद और बल्ले से कमाल करते ही जडेजा कई खिलाड़ियों को पछाड़ देंगे।

Ravindra Jadeja- India TV Hindi Image Source : AP रवींद्र जडेजा

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका 14 नवंबर से आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच ईडन गार्डन्स में 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। 6 साल बाद कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टेस्ट मैच खेला जाएगा। ऐसे में फैंस इस मुकाबले को लेकर बेहद उत्साहित हैं। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इस मैच की तैयारियों में जुटी है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में वैसे तो सभी भारतीय खिलाड़ियों पर नजरें होंगी लेकिन फैंस को स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से उम्मीदें कुछ ज्यादा ही होंगी। जडेजा गेंद और बल्ले दोनों से कमाल करने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में जडेजा बड़ा कारनामा करने के इरादे से कोलकाता के ऐतिहासक मैदान पर उतरेंगे।

सचिन और जहीर खान छूट जाएंगे पीछे

दरअसल, रवींद्र जडेजा के पास सचिन तेंदुलकर समेत 3 भारतीय खिलाड़ियों को पछाड़ने का शानदार मौका है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में 3 छक्के जड़ते ही जडेजा सचिन तेंदुलकर, जहीर खान और मयंक अग्रवाल को पीछे छोड़ देंगे। जडेजा ने टेस्ट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 टेस्ट मैचों की 12 पारियों में 7 छक्के जड़े हैं। वहीं, सचिन और जहीर के नाम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में 9-9 छक्के दर्ज हैं। मयंक अग्रवाल ने भी टेस्ट में अफ्रीकी टीम के खिलाफ 8 छक्के जड़ने का कारनामा किया है। 

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय

  • रोहित शर्मा - 22
  • वीरेंद्र सहवाग - 17
  • अजिंक्य रहाणे - 14
  •  सचिन तेंदुलकर - 9
  • जहीर खान - 9
  • मयंक अग्रवाल - 8
  • रवींद्र जडेजा - 7

इतिहास रचने से सिर्फ 10 रन दूर

यही नहीं, जडेजा कोलकाता टेस्ट में सिर्फ 10 रन बनाते ही बड़ा मुकाम हासिल कर लेंगे। जडेजा के टेस्ट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 87 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 129 पारियों में 38.73 के औसत से 3990 रन बनाए हैं। यानी 10 रन बनाते ही वह टेस्ट में 4000 रन बनाने का बड़ा मुकाम हासिल कर लेंगे। इस तरह वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 4000 रन और 300+ विकेट लेने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे ऑलराउंडर बन जाएंगे। अब तक यह कारनामा सिर्फ कपिल देव, इयान बॉथम और डेनियल विटोरी ने किया है। जडेजा के नाम टेस्ट में 338 विकेट दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें:

शुभमन गिल रचेंगे इतिहास, सचिन-विराट जैसे दिग्गजों के क्लब में पहली बार मारेंगें एंट्री

IND vs SA: रवींद्र जडेजा सिर्फ 2 विकेट दूर, 34 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले दिग्गज को देंगे पछाड़

Latest Cricket News