1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. RCB की सफलता के पीछे इस शख्स का बड़ा हाथ, जीत के बाद कही दिल की बात

RCB की सफलता के पीछे इस शख्स का बड़ा हाथ, जीत के बाद कही दिल की बात

RCB ने IPL 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को मात देकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम चैंपियन बनने में कामयाब रही।

RCB- India TV Hindi
Image Source : RCB एंडी फ्लावर और मो बोबाट

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु यानी RCB पिछले कई सालों से खिताब जीतने की कोशिश कर रही थी लेकिन उसका सपना अब जाकर पूरा हुआ। अहमदाबाद में 3 मई को खेले गए फाइनल में RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया। RCB की जीत में वैसे तो सबसे बड़ा योगदान उसकी टीम के खिलाड़ियों का रहा, लेकिन एक शख्स की मेहनत ने भी RCB को खिताब जिताने में अहम भूमिका अदा की। ये शख्स और कोई नहीं मो बोबट है, जो साल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के नए क्रिकेट निदेशक नियुक्त किए गए थे। उस समय किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि मो बोबट टीम से जुड़ने के 2 साल के अंदर ही RCB की टीम चैंपियन बन जाएगी। इंग्लैंड की मेन्स क्रिकेट के साथ कई साल बिताने के बाद मो बोबट ने अपने अनुभव से RCB में नई जान फूंकी, जिसका नतीजा आज सबके सामने है।

अहमदाबाद में खेले रोमांचक फाइनल में RCB ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर 18 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया, जिसके बाद ड्रेसिंग रूम में जश्न का माहौल था और इस खास मौके पर टीम के क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने खिलाड़ियों को खास संदेश दिया।

RCB ने शानदार खेला

बोबट ने टीम से कहा कि अब वक्त है इस जीत को एक आदत बनाने का। उन्होंने साफ किया कि जिस तरह इस सीजन में टीम ने प्रदर्शन किया, उसी लय और जुनून के साथ आगे भी सफर जारी रखना होगा। RCB द्वारा ‘X’ पर साझा किए गए वीडियो में बोबट ने कहा कि जब वह इस पूरी जर्नी को देखते हैं, तो उनके जहन में सिर्फ एक शब्द आता है- ‘स्पेशल एफर्ट’। हमने जिस तरह से खेला वह बेहद खास रहा, जिसने लोगों को प्रेरित किया। हम जिस आक्रामक क्रिकेट को खेलते हैं उसके बारे में सोचते हैं। हमने जो माहौल बनाया वह वाकई खास था। यही आपको इस तरह के नतीजे देता है।

बोबाट ने कहा कि यह सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफियों में से एक है और हम सोचते हैं कि हमारे फैंस ने क्या-क्या सहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि विराट, आपको आपके बारे में बात किया जाना पसंद नहीं है, लेकिन एक अनुभवी खिलाड़ी और इस टीम के एक आइकन खिलाड़ी के रूप में हर चीज के लिए आपका धन्यवाद। बोबट ने कहा कि कोहली ने पिछले 18 सालों में जो कुछ भी किया है, आप उसके लिए इस पल के हकदार हैं। 

(PTI Inputs)

Latest Cricket News