A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अब ये खिलाड़ी भी आईपीएल से बाहर, टीम ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

अब ये खिलाड़ी भी आईपीएल से बाहर, टीम ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान

आईपीएल में जल्द ही प्लेऑफ की चार टीमें फाइनल होने वाली हैं, इससे पहले आरसीबी को बड़ा झटका लगा है। अब देवदत्त पडिक्कल सीजन से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मयंक अग्रवाल की एंट्री करा दी गई है।

mayank agarwal- India TV Hindi
Image Source : PTI मयंक अग्रवाल

आईपीएल का ये सीजन अब अपने समापन की ओर बढ़ रहा है, लेकिन खिलाड़ी अभी ​तब इंजर्ड होकर अपनी अपनी टीम से बाहर हो रहे हैं। अब एक और खिलाड़ी बाहर हो गया है। टीम की ओर से अब उसके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया गया है। इस बार झटका रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगा है, जो टीम प्लेऑफ की रेस में अभी जिंदा है और उम्मीद की जा रही है कि टीम लीग चरण के समापन तक टॉप 4 में रह सकती है। इसके साथ ही टीमों ने अब अगले साल की तैयारी भी शुरू कर दी है। 

देवदत्त पडिक्कल आरसीबी से बाहर

बेंगलुरु को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब टीम के शानदार खिलाड़ियों में से एक देवदत्त पडिक्कल चोटिल होने के कारण इस साल के आईपीएल से बाहर हो गए हैं। बताया जाता है कि देवदत्त को हैमस्ट्रिंग की चोट लगी है। अब वे बचे हुए मैचों में अपनी टीम के लिए नहीं खेल पाएंगे। आरसीबी की टीम अभी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। इस बीच टीम की ओर से बताया गया है कि देवदत्त पडिक्कल की जगह उन्होंने मयंक अग्रवाल को अपने पाले में शामिल किया है। 

देवदत्त का रहा था ठीकठाक प्रदर्शन

देवदत्त पडिक्कल के लिए ये सीजन बहुत अच्छा तो नहीं रहा, लेकिन वे ठीकठाक प्रदर्शन करने में कामयाब रहे। आरसीबी के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए देवदत्त ने 10 मैचों में 247 रन बनाए हैं, जहां उनका स्ट्राइक रेट 150.61 का रहा है, वे दो अर्धशतक लगाने में सफल रहे हैं। आरसीबी के क्रिकेट निदेशक ने इस बारे में पुष्टि भी कर दी है। उनकी ओर से जारी बयान में कहा गया है कि देवदत्त का लीग के इस चरण में बाहर होना काफी दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। वे टीम के टॉप आर्डर का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। देवत्त की जगह मयंक अग्रवाल को टीम में शामिल किया गया है। 

मयंक अग्रवाल को मिलेंगे एक करोड़ रुपये

मयंक अग्रवाल ने इस सीजन भी आईपीएल की नीलामी में अपना नाम दिया था, लेकिन उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। लेकिन उनके पास आईपीएल का काफी अनुभव है। वे कुछ वक्त के लिए पंजाब किंग्स के कप्तान भी रहे हैं। मयंक अग्रवाल अब तक आईपीएल में 127 मुकाबले खेलकर एक शतक और 13 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे हैं। इससे पहले वे सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का अहम हिस्सा थे, लेकिन इस सीजन से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था और फिर उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। मयंक अग्रवाल एक करोड़ के बेस प्राइज में नीलामी में आए थे, वे आरसीबी के साथ उसी कीमत पर जुड़ेंगे। 

Latest Cricket News