1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. RCB की जीत के जश्न में मची भगदड़ से गम में डूबा क्रिकेट जगत, सचिन तेंदुलकर ने लिखी भावुक पोस्ट

RCB की जीत के जश्न में मची भगदड़ से गम में डूबा क्रिकेट जगत, सचिन तेंदुलकर ने लिखी भावुक पोस्ट

बेंगलुरु में आरसीबी टीम की विक्ट्री परेड के दौरान मची भगदड़ में हुई 11 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे पर अब सचिन तेंदुलकर ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

Sachin Tendulkar- India TV Hindi
Image Source : GETTY सचिन तेंदुलकर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू यानी RCB के 18 साल का इंतजार आखिरकार इस सीजन खत्म हुआ, जब टीम ने अपना पहला IPL खिताब अपने नाम किया। हालांकि, RCB के लिए जीत का जश्न उस समय मातम में बदल गया जब हजारों की तादाद में फैंस बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मौजूद थे और अचानक भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

RCB टीम के खिलाड़ियों के सम्मान समारोह के दौरान हजारों की संख्या में फैंस अपने पसंदीदा सितारों की झलक पाने के लिए स्टेडियम के बाहर जमा हो गए थे। भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि पुलिस प्रशासन हालात पर काबू नहीं रख सका। कई फैंस स्टेडियम के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिससे भगदड़ मच गई। अब इस हादसे पर भारत के दिग्गज क्रिकेट सचिन तेंदुलकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सचिन ने एक्स पर पोस्ट किया- बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में जो कुछ हुआ, वह बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं हर प्रभावित परिवार के साथ हैं। सभी के लिए शांति की कामना करता हूं।

सचिन तेंदुलकर ही नहीं बल्कि हरभजन सिंह और मनोज तिवारी ने भी इस हादसे पर अपना दुख प्रकट किया है।  हरभजन सिंह ने लिखा- बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ की दुखद खबर, जिसमें कई क्रिकेट फैंस की जान चली गई और कई घायल हो गए हैं। इसने उस खेल की भावना को गहरा धक्का पहुंचाया है जो हमारे देश भर में लाखों लोगों को एकजुट करती है।

हरभजन और मनोत तिवारी ने भी दी प्रतिक्रिया

हरभजन ने आगे लिखा- इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनी जान गंवाने वालों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है। वह इस अविश्वसनीय रूप से कठिन समय में उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। 

पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने लिखा कि खुशी एक त्रासदी में बदल गई। RCB फैंस का अभूतपूर्व जश्न अंततः भारत के क्रिकेट इतिहास में एक विनाशकारी अध्याय में बदल गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई। भगवान उनके परिवारों को शक्ति प्रदान करें। एक क्रिकेटर होने के नाते, मैंने हमेशा बेंगलुरु में क्रिकेट प्रशंसकों के जुनून की प्रशंसा की है, और यह घटना मेरे लिए एक व्यक्तिगत झटका है। पता नहीं कैसे प्रतिक्रिया दूं! अभी भी स्तब्ध हूं।

Latest Cricket News