A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऋषभ पंत ने कर दिया ब्लंडर, सब कुछ जानते हुए भी कर बैठे नादानी

ऋषभ पंत ने कर दिया ब्लंडर, सब कुछ जानते हुए भी कर बैठे नादानी

भारतीय टीम की बल्लेबाजी गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भी नाकाम रही। कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया और लगातार विकेट गिरते चले गए।

rishabh pant- India TV Hindi
Image Source : GETTY ऋषभ पंत

Rishabh Pant DRS: भारतीय टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने साउथ अफ्रीका के ​खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में ब्लंडर कर दिया। पंत ने जो काम किया, उसकी उम्मीद किसी से भी नहीं की जा सकती। ऐसा नहीं है कि उन्हें कुछ पता नहीं था, सब कुछ जानते हुए भी पंत ने जो नादानी की है, वो समझ से परे है। भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ फंस गई है। अब दूसरा टेस्ट बचाने के लिए कुछ खिलाड़ियों को बहुत मेहनत करने की जरूरत है। 

टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने एक बार फिर किया शर्मनाक प्रदर्शन

गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 489 रन बनाने का काम किया था। इसके बाद जब टीम इंडिया बल्लेबाजी के लिए उतरी तो शुरुआत को ठीकठाक रही, लेकिन उसके बाद लगातार विकेट गिरते चले गए। पहले विकेट के रूप में जब केएल राहुल आउट हुए तो टीम का स्कोर 65 रन था, लेकिन जब स्कोर 119 रन हुआ तो भारत के छह विकेट गिर चुके थे। इससे समझा जा सकता है कि भारतीय टीम ने किस तरह की बल्लेबाजी की है। 

ऋषभ पंत ने आउट होने के बाद भी लिया डीआरएस

इस बीच बात अगर ऋषभ पंत की करें तो उन्होंने तो कमाल की कर दिया। वे इस मैच में शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में कप्तानी भी कर रहे हैं। वे नंबर पांच पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। अभी पंत आठ बॉल पर केवल सात ही रन बना सके थे, तभी मार्को यानसेन की एक गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर सीधे विकेट कीपर के दस्तानों में चली गई। साउथ अफ्रीका ने अपील की और अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। इसके बाद तुरंत ऋषभ पंत ने डीआरएस ले लिया। 

रिप्ले देखकर खुल गई पूरी पोल

जब रिप्ले देखा गया तो पता चला कि पंत के बल्ले का बॉल ने अच्छा खासा किनारा लिया था। इसके बाद भी पंत ने डीआरएस लिया। ऐसा कम ही होता है कि किसी बल्लेबाज का बल्ला गेंद पर लगे और उसके बाद भी वो डीआरएस की मांग करे। ऐसा इसलिए क्योंकि बल्ला का किनारा लगने पर सबसे पहले बल्लेबाज को ही पता चलता है। इसके बाद भी डीआरएस लेना समझ से परे है। 

फॉलोआन बचाने की कोशिश में जुटी भारतीय टीम 

भारतीय टीम 150 रन भी नहीं बना पाई थी, इससे पहले ही सात विकेट गिर चुके हैं। ऐसे में अब भारतीय टीम जीत की तो बात तो छोड़ ही दे। पहले फॉलोआन बचाने के लिए जद्दोजहद करनी होगी। सीरीज में पहले ही पीछे चल रही टीम अगर इस मैच को भी हारती है तो उसका सूपड़ा साफ हो जाएगा। जो शर्मनाक बात होगी। अब देखना है कि भारतीय टीम इस मैच को बचाने के लिए क्या करती है। 

यह भी पढ़ें 

इस खिलाड़ी को नहीं है कोई परवाह, मौके पर मौका, लेकिन नहीं बना रहा रन

Ashes 2025: दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हुआ घातक गेंदबाज, कप्तान की वापसी पर आया बड़ा अपडेट

Latest Cricket News