A
Hindi News खेल क्रिकेट ऋषभ पंत एक शिकार करते ही करेंगे कमाल, एमएस धोनी के स्पेशल क्लब में हो जाएंगे शामिल

ऋषभ पंत एक शिकार करते ही करेंगे कमाल, एमएस धोनी के स्पेशल क्लब में हो जाएंगे शामिल

IPL 2025 के 30वें मैच में ऋषभ पंत और एमएस धोनी की टीम के बीच मुकाबला होगा। इस मैच में पंत के पास शानदार रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।

Rishabh Pant - India TV Hindi Image Source : AP ऋषभ पंत

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 30वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स 14 अप्रैल को आमने-सामने होंगे। ये मुकाबला लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां चेन्नई की कोशिश हार के सिलसिले को तोड़ने की होगी। चेन्नई की टीम इस सीजन लगातार 5 मैच हार चुकी है और IPL के इतिहास में ऐसा पहली बार देखने को मिला है। दूसरी तरफ, लखनऊ सुपर जायंट्स शानदार फॉर्म में है। टीम ने अपने पिछले पांच मैचों में से चार जीते हैं और वर्तमान में पाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर हैं। अब उनका लक्ष्य अपनी जीत की लय को जारी रखना और टेबल में और ऊपर जाना होगा। इस मैच में टीम के कप्तान ऋषभ पंत के पास खास मुकाम हासिल करने का भी मौका होगा।

दरअसल, लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत चेन्नई के खिलाफ मैच में एक शिकार करते ही एमएस धोनी जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हो जाएंगे। पंत के नाम बतौर विकेटकीपर IPL में 99 शिकार दर्ज हैं। एक और शिकार करते ही वह IPL में अपने 100 डिसमिसल (कैच और स्टंप) पूरे कर लेंगे। IPL में अब तक सिर्फ 3 ही विकेटकीपर 100 या उससे ज्यादा डिसमिसल कर पाए हैं। इनमें पहले नंबर पर महेंद्र सिंह धोनी, दूसरे नंबर पर दिनेश कार्तिक और तीसरे स्थान पर रिद्धिमान साहा हैं। 

धोनी के नाम सबसे ज्यादा शिकार करने का रिकॉर्ड

धोनी ने IPL में विकेट के पीछे 150 कैच और 45 स्टंपिंग के साथ 195 शिकार किए हैं। वहीं, दिनेश कार्तिक के नाम 174 शिकार दर्ज हैं। रिद्धिमान साहा ने  87 कैच और 26 स्टंपिंग के साथ कुल 113 शिकार करने का कारनामा किया है। दिनेश कार्तिक और रिद्धिमान साहा दोनों ही IPL को अलविदा कह चुके हैं। ऐसे में ऋषभ पंत के पास इस सीजन या अगले सीजन में साहा को पछाड़ने का शानदार मौका होगा।

IPL में सबसे ज्यादा डिसमिसल करने वाले विकेटकीपर

  • एमएस धोनी: 195 (150 कैच और 45 स्टंपिंग)
  • दिनेश कार्तिक: 174 (137 कैच और 37 स्टंपिंग)
  • रिद्धिमान साहा: 113 (87 कैच और 26 स्टंपिंग)
  • ऋषभ पंत: 99 (76 कैच और 23 स्टंपिंग)
  • रॉबिन उथप्पा: 90 (58 कैच और 32 स्टंपिंग)

Latest Cricket News