1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमन गिल को पछाड़कर ऋषभ पंत बने WTC में भारत के नंबर-1 रन स्कोरर, अब निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड

शुभमन गिल को पछाड़कर ऋषभ पंत बने WTC में भारत के नंबर-1 रन स्कोरर, अब निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड

ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में 66 रनों की शानदार पारी खेलकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया।

Rishabh Pant- India TV Hindi
Image Source : PTI ऋषभ पंत

गॉल टेस्ट में ऋषभ पंत का बल्ला एक बार फिर गरजा और इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट के इतिहास में उनके नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 66 रनों की तेजतर्रार पारी खेलते हुए पंत कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। पंत ने 69 गेंदों में 66 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। पहली पारी में भी पंत ने 62 गेंदों पर 39 रन बनाए थे। गॉल टेस्ट में उनके बल्ले से कुल 105 रन आए। WTC में पंत के नाम अब 41 मैचों की 73 पारियों में 2885 रन हो गए हैं। उन्होंने शुभमन गिल को पीछे छोड़ा, जिनके नाम WTC के 41 टेस्ट मैचों में 2867 रन दर्ज हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि पंत और गिल में से कौन पहले WTC के इतिहास में 3000 रन पूरे करने वाला पहला भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल करेगा।

पंत बने नंबर-1 भारतीय स्कोरर

भारत के लिए WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में पंत और गिल के बाद रोहित शर्मा 2716 रन के साथ तीसरे, रवींद्र जडेजा 2632 रन के साथ चौथे और विराट कोहली 2617 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं। यशस्वी जायसवाल 2543 रन बनाकर इस सूची में छठे नंबर पर हैं। हालांकि, WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी इंग्लैंड के दिग्गज जो रूट के नाम है। रूट 77 मैचों में 6651 रन बना चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू हुई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में उनके पास WTC इतिहास में 7000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बनने का मौका है। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ 4679 रन के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।

गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार अर्धशतक जड़ने के दौरान उन्होंने टेस्ट में 100 छक्के पूरे करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के सिर्फ चौथे बल्लेबाज हैं। उन्होंने टेस्ट में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने का कारनामा किया। 

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज

  • 138 - बेन स्टोक्स
  • 107 - ब्रेंडन मैकुलम
  • 100 - ऋषभ पंत
  • 100 - एडम गिलक्रिस्ट

यह भी पढ़ें:

रवींद्र जडेजा से हो गई भारी मिस्टेक, राहुल मनाने लगे जश्न, तभी एक आवाज ने ​कर दिया खेल खराब

ऐसा इंटरनेशनल डेब्यू किसी का भी ना हो, बीच मैच में आया खिलाड़ी, फिर हो गया गोल्डन डक का शिकार

Latest Cricket News