रांची में खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। अपनी उस पारी के दौरान रोहित ने 3 सिक्स लगाए और वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सीरीज का दूसरा वनडे मैच 3 दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा। इस मैच में रोहित शर्मा के पास डेविड वॉर्नर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। ये रिकॉर्ड है इंटरनेशनल क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का।
डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं रोहित शर्मा
इंटरनेशनल क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर के नाम है। वॉर्नर ने इस टीम के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 60 मैचों में 64 सिक्स लगाए हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के जोस बटलर के नाम है। जोस बटलर ने 48 मैचों में 63 छक्के लगाए थे। क्रिस गेल और रोहित शर्मा ने 61-61 सिक्स लगाए हैं। वह लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। ऐसे में रोहित अब इतिहास रचने की दहलीज पर हैं।
रोहित शर्मा अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के बाकी दो मैचों में अगर चार छक्के जड़ने में कामयाब रहे तो वह वॉर्नर के इस बड़े रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। रोहित ने रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में 57 रनों की पारी के दौरान तीन छक्के और पांच चौके लगाए थे। रोहित वनडे (352) के साथ-साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में भी सबसे ज्यादा सिक्स (645) लगाने वाले प्लेयर हैं।
पहले वनडे मैच में टीम इंडिया का प्रदर्शन रहा था शानदार
पहले वनडे मैच की बात करें तो रोहित शर्मा के अलावा भारत की तरफ से विराट कोहली ने शानदार शतक लगाया था। उन्होंने इस मैच में 135 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। वहीं केएल राहुल ने भी 60 रन बनाए थे। इन्हीं तीन पारियों के बदौलत टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के सामने 350 रन का टारगेट रखा था। जवाब में अफ्रीकी टीम 332 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया फिलहाल 1-0 से आगे है।
यह भी पढ़ें
वापसी के लिए तैयार है टीम इंडिया का ये धाकड़ खिलाड़ी, टेस्ट किया पास
ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ सकते हैं नाथन लियोन, गाबा टेस्ट में करना होगा ये काम
Latest Cricket News