1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा ने IPL में बनाया ऐतिहासिक कीर्तिमान, सभी भारतीय बल्लेबाजों को छोड़ दिया पीछे

रोहित शर्मा ने IPL में बनाया ऐतिहासिक कीर्तिमान, सभी भारतीय बल्लेबाजों को छोड़ दिया पीछे

Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रनों से हरा दिया। इस मैच में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।

रोहित शर्मा- India TV Hindi
Image Source : AP रोहित शर्मा

Rohit Sharma Sixes Against Delhi Capitals: रोहित शर्मा की गिनती बेहतरीन आईपीएल प्लेयर्स में होती है। वह साल 2008 से अब तक हर आईपीएल सीजन में खेले हैं और मुंबई इंडियंस को पांच बार अपनी कप्तानी में खिताब भी जिताया है। मौजदूा सीजन में भले ही वह अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और आईपीएल 2025 में उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में एक सिक्स जड़ते ही उन्होंने कमाल कर दिया है।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पूरे किए 50 छक्के

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा ने 12 गेंदों में 18 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनका विकेट विपराज निगम ने हासिल किया। मैच में एक छक्का जड़ते ही रोहित ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल में 50 छक्के पूरे कर लिए। इसी के साथ वह आईपीएल में किसी भी एक टीम के खिलाफ 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने आरसीबी की टीम के खिलाफ 49 छक्के लगाए थे। रोहित से पहले कोई भी भारतीय बल्लेबाज किसी भी आईपीएल टीम के खिलाफ 50 छक्के नहीं जड़ पाया था, अब उन्होंने सभी भारतीय बल्लेबाजों को पीछे करते हुए ये मुकाम हासिल किया है।

IPL में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज: 

  • रोहित शर्मा- 50 छक्के, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ
  • महेंद्र सिंह धोनी- 49 छक्के, RCB के खिलाफ
  • विराट कोहली- 43 छक्के, CSK के खिलाफ
  • केएल राहुल- 43 छक्के, RCB के खिलाफ
  • रोहित शर्मा- 41 छक्के, KKR के खिलाफ

रोहित आईपीएल में लगा चुके दो शतक

रोहित शर्मा साल 2008 से ही आईपीएल में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 262 मैचों में कुल 6684 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और 43 अर्धशतक निकले हैं। 

मुंबई इंडियंस को मिली सीजन की दूसरी जीत

मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में 12 रनों से हरा दिया और मौजूदा सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली। मुंबई ने सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और नमन धीर की पारियों की बदौलत 205 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद कर्ण शर्मा ने कसी हुई गेंदबाजी की और तीन विकेट हासिल किए। उनकी शानदार गेंदबाजी के दिल्ली के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और आउट हो गए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। दिल्ली के लिए करुण नायर ने जरूर 89 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। बड़े टारगेट का पीछा करते हुए पूरी टीम सिर्फ 193 रनों पर सिमट गई। 

यह भी पढ़ें:

सीजन का पहला मैच हारने के बाद गुस्से से लाल हुए कप्तान अक्षर पटेल, इन पर फोड़ा हार का ठीकरा

17 साल के युवा बल्लेबाज की CSK की स्क्वाड में एंट्री, IPL के बीच में अचानक खुली किस्मत

Latest Cricket News