Rohit Sharma: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अब तक मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को यह नहीं बताया है कि वे आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लेंगे या नहीं। यह टूर्नामेंट 25 दिसंबर से 18 जनवरी तक अहमदाबाद, राजकोट, जयपुर और बेंगलुरु में खेला जाएगा, जबकि नॉकआउट मुकाबले बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होंगे।
अब तक नहीं हो सकी है रोहित के खेलने की पुष्टि
MCA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक रोहित शर्मा की ओर से किसी तरह का आधिकारिक संदेश नहीं मिला है। PTI के मुताबिक, उन्होंने कहा कि जहां तक मेरी जानकारी है, हमें उनकी उपलब्धता को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है। इस बीच BCCI अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय चयन के लिए खिलाड़ियों का घरेलू टूर्नामेंटों में भाग लेना बेहद जरूरी है।
रोहित शर्मा ने हाल ही में टेस्ट और T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर अब अपना पूरा ध्यान ODI फॉर्मेट पर केंद्रित किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में खेले गए ODI सीरीज में रोहित शानदार फॉर्म में दिखे। उन्होंने दूसरे मैच में 73 रन की पारी खेली, जबकि तीसरे और आखिरी ODI में नाबाद 121 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब अपने नाम किया। हालांकि भारत यह सीरीज 1-2 से हार गया, लेकिन रोहित का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा।
जमकर पसीना बहा रहे रोहित
37 साल के सलामी बल्लेबाज इन दिनों मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित MCA अकादमी में नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं। युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल भी कुछ सत्रों में उनके साथ नेट्स पर दिखाई दिए, जिसके बाद वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए कोलकाता रवाना हो गए।
अब जबकि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों टेस्ट और T20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में यह दोनों सीनियर खिलाड़ी भारत की ODI टीम की रीढ़ बने हुए हैं। उम्मीद है कि वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में वापसी करेंगे, जिसकी शुरुआत 30 नवंबर को रांची में होगी। दूसरा मैच 3 दिसंबर को रायपुर, जबकि तीसरा 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं या नहीं।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें
IND vs SA सीरीज से पहले आई बड़ी खबर, पहले टेस्ट से बाहर हो गया टीम इंडिया का स्टार खिलाड़ी
IPL 2026: जडेजा-सैमसन की डील के बीच इस खिलाड़ी को लेकर फंसा पेंच, राजस्थान रॉयल्स को लेना पड़ेगा बड़ा फैसला
Latest Cricket News