A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा को वापसी में अभी लगेगा और समय, हार्दिक पांड्या ने टॉस के समय फिटनेस को लेकर दिया बड़ा अपडेट

रोहित शर्मा को वापसी में अभी लगेगा और समय, हार्दिक पांड्या ने टॉस के समय फिटनेस को लेकर दिया बड़ा अपडेट

MI vs SRH: मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर मुकाबला खेल रही है, जिसमें टॉस के समय उनके कप्तान हार्दिक पांड्या ने रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया।

Rohit Sharma- India TV Hindi
Image Source : PTI रोहित शर्मा

आईपीएल 2026 सीजन का 41वां लीग मुकाबला मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। वहीं सभी की नजरें मुंबई इंडियंस टीम की प्लेइंग 11 पर थी, जिसमें ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि रोहित शर्मा की वापसी होगी जो पिछले कुछ मैचों से अनफिट होने की वजह से नहीं खेल रहे थे। हालांकि रोहित इस मुकाबले में भी खेलने के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हो सके और उनकी फिटनेस को लेकर हार्दिक पांड्या ने टॉस के समय बड़ा अपडेट दिया।

रोहित को अभी कुछ और मैचों में रहेंगे बाहर

मुंबई इंडियंस टीम के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा आईपीएल 2026 में 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी के दौरान हैमस्ट्रिंग में दिक्कत होने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। इसके बाद से वह अब तक पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में हार्दिक पांड्या से जब रोहित शर्मा की फिटनेस और उनकी वापसी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि रोहित को मैदान पर वापसी करने से पहले कुछ और मैचों का इंतजार करना होगा। वह अभी उस स्तर तक नहीं पहुंच सके हैं जिसकी उनको उम्मीद है। वह पूरी तरह से फिट होने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं।

डी कॉक भी चोटिल होने की वजह से हुए बाहर

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग 11 में दो बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें मिचेल सैंटनर जहां कंधे में लगी चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से ही बाहर हो चुके हैं तो वहीं क्विंटन डी कॉक इस मैच में कलाई में दिक्कत के चलते नहीं खेल रहे हैं। इसको लेकर मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग 11 में रयान रिकल्टन और रॉबिन मिन्ज को शामिल करने का फैसला लिया है। इस आईपीएल सीजन में अब तक मुंबई इंडियंस का सफर अच्छा नहीं रहा है, जिसमें वह 7 में से सिर्फ 2 मुकाबलों में ही जीत हासिल कर सकी है, ऐसे में अब उनके लिए बाकी बचे सभी मैच काफी अहम हो गए हैं।

ये भी पढ़ें

VIDEO: वैभव सूर्यवंशी ने पाकिस्तानी की अपने जवाब से कर दी बोलती बंद, कहा - भगवान ने लगाकर भेजी है चिप

रियान पराग को ई-सिगरेट पीने पर हो सकती है जेल, जानें क्या कहता है भारत का कानून

Latest Cricket News