1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'हम गलती करें तो मिलती है सजा और उनको कुछ मत बोलो'; हार के बाद इस कप्तान का दिखा गुस्सा

'हम गलती करें तो मिलती है सजा और उनको कुछ मत बोलो'; हार के बाद इस कप्तान का दिखा गुस्सा

WI vs AUS: वेस्टइंडीज की टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 159 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में अंपायर्स के कई फैसलों को लेकर सवाल उठे जिसको लेकर अब विंडीज टीम के कप्तान रोस्टन चेज का भी गुस्सा उनके बयान के जरिए देखने को मिला है।

Roston Chase- India TV Hindi
Image Source : GETTY रोस्टन चेज

रोस्टन चेज की कप्तानी में अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज की टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसके पहले मुकाबले में उन्हें 159 रनों की हार का सामना करना पड़ा। ये मुकाबला विंडीज टीम की हार से अधिक थर्ड अंपायर द्वारा दिए गए कुछ ऐसे विवादित फैसलों की वजह से चर्चा में है जिसको लेकर मुकाबला खत्म होने के बाद विंडीज टीम के कप्तान के बयान में भी देखने को मिला। चेज ने पहला टेस्ट मैच हारने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंपायर्स के फैसलों पर खुलकर नाराजगी जताई उन्होंने इसे निराशाजनक बताया।

जब हम खिलाड़ी गलती करते हैं तो हमें सख्त सजा दी जाती है

वेस्टइंडीज टेस्ट टीम के कप्तान रोस्टन चेज ने बारबाडोस टेस्ट मैच खत्म होने के बाद दिए अपने बयान में कहा कि जब हम खिलाड़ी गलती करते हैं, तो हमें सख्त सजा दी जाती है। वहीं अधिकारियों के लिए इस मामले में कुछ भी नियम नहीं है। वह बस एक गलत या विवादित फैसला लेते हैं और उनके जीवन में कोई असर नहीं पड़ता है। आप खिलाड़ियों के करियर की बात कर रहे हैं। एक गलत फैसला किसी खिलाड़ी करियर में काफी बड़ी भूमिका अदा कर सकता है, जिसमें वह इसे बनाने या बिगाड़ने वाला साबित हो सकता है। इसी तरह अधिकारियों के लिए गलत फैसले पर कुछ तो नियम होने चाहिए।

ऐसा लगता है कि सब हमारे खिलाफ हैं

अपने बयान में रोस्टन चेज ने आगे कहा कि मैं और शाई होप जब पहली पारी में अच्छा खेल रहे थे और हमारे पास बड़ी बढ़त हासिल करने का भी मौका था, लेकिन फिर, कुछ संदिग्ध फैसले हुए। इससे हम बड़ी बढ़त लेने में कामयाब नहीं हो सके। यह साफ है कि कोई भी इन फैसलों को लेकर अच्छा महसूस नहीं करेगा। आप जीतने के लिए खेलते हैं, जिसके लिए मैदान पर आप अपना सब कुछ दे रहे हैं और ऐसा लगता है कि सब आपके खिलाफ हैं। बता दें कि इस टेस्ट सीरीज का अगला मुकाबला 3 जुलाई से ग्रेनेडा के मैदान पर खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें

इस खिलाड़ी के दम पर श्रीलंका ने जीती सीरीज, बना डाले इतने रन; मिले दो बड़े अवॉर्ड

'भारत को दूसरे टेस्ट में इस प्लेयर को मौका देना ही होगा', किस खिलाड़ी को लेकर माइकल क्लार्क ने दिया ऐसा बयान

Latest Cricket News