भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। अब इस सीरीज के लिए BCCI के सेलेक्टर्स ने स्क्वाड की घोषणा कर दी है। टीम में उपकप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है, लेकिन उनका खेलना इस बात पर निर्भर करेगा कि उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लीयरेंस मिल पाता है या नहीं। अय्यर के वनडे स्क्वाड में आते ही रुतुराज गायकवाड़ को बाहर जाना पड़ा है और उन्हें न्यूजीलैंड के लिए सीरीज में नहीं रखा गया है। जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में गायकवाड़ ने अच्छा खेल दिखाया था।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में लगाया था शतक
रुतुराज गायकवाड़ साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में चौथे नंबर पर बैटिंग करने उतरे थे, जिस नंबर पर श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करते हैं। गायकवाड़ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में तो अच्छा नहीं कर पाए, लेकिन दूसरे वनडे मैच में उन्होंने दमदार बल्लेबाजी की। इस मुकाबले में उन्होंने 83 गेंदों में कुल 105 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनका वनडे क्रिकेट में यह पहला शतक था। इसके बाद तीसरे मुकाबले में उनकी बल्लेबाजी नहीं आई और अब उन्हें स्क्वाड से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
विजय हजारे ट्रॉफी में भी कर रहे कमाल
रुतुराज गायकवाड़ इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र की टीम के लिए खेल रहे हैं और टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड के खिलाफ 164 रनों की पारी खेली। इसके अलावा मुंबई के खिलाफ 66 रन बनाए थे। वह भारतीय टीम में आने का दरवाजा फिर से खटखटा रहे हैं। लेकिन अब शायद उनकी वापसी किसी प्लेयर के चोटिल होने पर ही हो सकती है।
भारतीय टीम के लिए खेल चुके कुल 9 वनडे मैच
रुतुराज गायकवाड़ ने भारतीय वनडे टीम के लिए साल 2022 में डेब्यू किया था और इसके बाद उन्होंने 9 वनडे मैचों में कुल 228 रन बनाए, जिसमें उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है। इसके अलावा वह टीम के लिए 23 T20I मैच भी खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 633 रन बनाए हैं।
गायकवाड़ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के कप्तान हैं और टीम के लिए कई शानदार पारियां भी खेल चुके हैं। उन्होंने अभी तक आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिए कुल 2502 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं।
यह भी पढ़ें:
T20 World Cup 2026 से पहले स्टार खिलाड़ी चोटिल, इस टीम की बढ़ गई टेंशन!
हार्दिक पांड्या को ODI स्क्वाड में नहीं मिली जगह, BCCI ने बड़ी वजह का किया खुलासा
Latest Cricket News