A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रयान रिकल्टन ने 44 गेंदों में शतक पूरा कर रचा इतिहास, ध्वस्त किया सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड

रयान रिकल्टन ने 44 गेंदों में शतक पूरा कर रचा इतिहास, ध्वस्त किया सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड

MI vs SRH: मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल 2026 में खेल रहे रयान रिकल्टन के बल्ले से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में शानदार शतकीय पारी देखने को मिली, जिसके दम पर उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।

Ryan Rickelton- India TV Hindi
Image Source : AFP रयान रिकल्टन

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 41वां लीग मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद वह 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहे। मुंबई इंडियंस को इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में उनके ओपनिंग बल्लेबाज रयान रिकल्टन ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई जिन्होंने इस मैच में नाबाद 123 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसके दम पर वह एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम करने में कामयाब रहे।

रिकल्टन आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में रयान रिकल्टन की प्लेइंग 11 में क्विंटन डी कॉक के चोटिल होने के बाद वापसी हुई थी, जिसमें उन्होंने इस मौके का फायदा पूरी तरह से उठाते हुए शानदार शतकीय पारी खेल दी। रिकल्टन ने पहले विल जैक्स के साथ मिलकर टीम को इस मैच में जहां तेज शुरुआत देने का काम किया तो वहीं इसके बाद उन्होंने जैक्स के पवेलियन लौटने के बाद एक छोर से पारी को संभाले रखा और तेजी से रन बनाते रहे। रिकल्टन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में आईपीएल में अपना पहला शतक सिर्फ 44 गेंदों में पूरा कर लिया। इसी के साथ मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल इतिहास में सबसे कम गेंदों में शतक लगाने का रिकॉर्ड अब रयान रिकल्टन के नाम पर दर्ज हो गया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सनथ जयसूर्या के नाम पर था जिन्होंने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के खिलाफ मैच में 45 गेंदों में शतक पूरा किया था।

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में सबसे कम गेंदों में शतक लगाने वाले खिलाड़ी

  • रयान रिकल्टन - 44 गेंद बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (साल 2026)
  • सनथ जयसूर्या - 45 गेंद बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (साल 2008)
  • तिलक वर्मा - 45 गेंद बनाम गुजरात टाइटंस (साल 2026)
  • कैमरून ग्रीन - 47 गेंद बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (साल 2023)
  • सूर्यकुमार यादव - 49 गेंद बनाम गुजरात टाइटंस (साल 2023)

आईपीएल में इस मामले में मुंबई बनी सिर्फ दूसरी टीम

रयान रिकल्टन के शतक पूरा करने के साथ ही मुंबई इंडियंस अब आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के बाद सिर्फ दूसरी ऐसी टीम बन गई है जिनकी तरफ से एक सीजन में तीन या उससे अधिक अलग-अलग बल्लेबाजों ने शतकीय पारी खेली है। इससे पहले साल 2025 के आईपीएल सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने शतकीय पारी खेली थी। वहीं मुंबई इंडियंस की तरफ से इस सीजन रिकल्टन से पहले क्विंटन डी कॉक और तिलक वर्मा के बल्ले से शतकीय पारी देखने को मिली थी।

ये भी पढ़ें

रोहित शर्मा को वापसी में अभी लगेगा और समय, हार्दिक पांड्या ने टॉस के समय फिटनेस को लेकर दिया बड़ा अपडेट

VIDEO: वैभव सूर्यवंशी ने पाकिस्तानी की अपने जवाब से कर दी बोलती बंद, कहा - भगवान ने लगाकर भेजी है चिप

Latest Cricket News